सेमरियावां। सीएचसी सेमरियावां का बृहस्पतिवार को विधायक अंकुर राज तिवारी ने निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल मरीजों की सुविधाओं और व्यवस्था की जानकारी ली। ओपीडी कक्ष के बाहर ईंटा लगाकर बेंच को सीधा रखे जाने पर विधायक ने कर्मचारियों को फटकार लगाई।
विधायक अंकुर राज तिवारी ने योजनाओं और स्टाफ कौशल, कार्य गुणवत्ता, जांच सुविधाएं, ओपीडी, मरीजों का आवागमन आदि का गहनता से आकलन किया। साथ ही चिकित्साधिकारी कक्ष, प्रसव पूर्व जांच कक्ष, इमरजेंसी वार्ड, नेत्र जांच कक्ष, औषधि कक्ष, वाह्य रोगी विभाग, दंत स्वास्थ्य विज्ञानी कक्ष, ट्रू नेट टेस्ट सेंटर, पैथोलॉजी, पुरुष एवं महिला प्रसाधन, ब्लाॅक कार्यक्रम प्रबंधन इकाई, मरहम-पट्टी कक्ष, औषधि भंडार कक्ष, ऑपरेशन थिएटर आदि की जांच की।
मरीजों और तीमारदारों ने विधायक से बताया कि रात में महिला डॉक्टर उपलब्ध नहीं रहती है। विधायक के पूछने पर अधीक्षक डॉ. सुरेश चंद्र ने कहा कि एक ही महिला डॉक्टर है। इस वजह से रात में महिला डॉक्टर नहीं रहती है। विधायक ने महिला डॉक्टर उपलब्ध कराने के लिए उच्च अधिकारियों से पत्राचार करने को कहा। सीएचसी में डिजिटल एक्स-रे मशीन जल्द से जल्द शुरू कराने का निर्देश दिया।
इस दौरान पूर्व प्रमुख महमूद आलम चौधरी, राम सागर चौधरी, विकास कुमार चौधरी, पूरुषोत्तम गुप्ता, डाॅ. राम चन्द्र गौतम, डॉक्टर तौहीद अहमद, अवधेश मिश्रा आदि मौजूद रहे।