बखिरा। नगर पंचायत बाघनगर उर्फ बखिरा का निरीक्षण ईओ आदित्य प्रकाश ने किया। इस दौरान कस्बे के लोगों ने अतिक्रमण, गंदगी व बंदरों की समस्या से ईओ को अवगत कराया। अधिशासी अधिकारी उनकी समस्या को जाना व उनके निस्तारण का भी आश्वासन दिया।
अधिशासी अधिकारी आदित्य प्रकाश ने कस्बे के मंगल बाजार, शनिचरा बाजार, राजा मार्केट का भ्रमण किया। बर्तन दुकानदार हनी गुप्ता ने ईओ को बंदरों की समस्या से अवगत कराया। बताया कि सुबह माॅर्निंग वाक को जाने वाले लोग बंदरों से परेशान रहते है। भोर में सड़क पर बंदरों का जमावड़ा होने से लोग सुबह के समय टहलने से भयभीत रहते हैं। बंदरों के हमले से कई लोग घायल हो चुके हैं।
एक सप्ताह पूर्व एक महिला रंजना को एक बंदर ने दौड़ाकर काट लिया था। सेवानिवृत्त डॉक्टर एमएम सिंह ने ईओ से शिकायत किया कि मच्छरों को मारने के लिए डाली जाने वाली दवा कारगर नहीं होने से मच्छरों का असर कम नहीं होता है। मनोज कुमार कसेरा ने कहा कि नाली की गंदगी, खराब स्ट्रीट लाइट को गिनाया।
अधिशासी अधिकारी आदित्य प्रकाश ने कस्बे के लोगों को समस्या निस्तारण का आश्वासन दिया, लेकिन बंदरों की समस्या के लिए अन्य श्रोत से बजट का प्रावधान करके बंदरों से निजात का आश्वासन दिया।