लोहरौली। दुधारा क्षेत्र के रूधौली-दुर्गजोत मार्ग पर बुधवार की देर रात शौच के लिए जा रहे अधेड़ को डंपर ने टक्कर मार दी। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। इससे परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, बेलहर कला के वार्ड नंबर 11 निवासी बनवारी (50) पुत्र जोखन बुधवार की रात 10 बजे के करीब शौच के लिए पोखरे पर जा रहे थे। रुधौली व दुर्गजोत को जोड़ने वाली मुख्य सड़क को पार कर ही रहे थे कि रुधौली की तरफ से आ रहे डंपर ने टक्कर मार दी। बनवारी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने इसकी सूचना बनवारी के परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए।
आनन फानन में लोग उन्हें एंबुलेंस से सीएचसी मेंहदावल ले गए। वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। बनवारी अपने पीछे छह बच्चों को छोड़ गए है। उनमें तीन लड़कियां व तीन लड़के हैं। दो लड़कियों व एक लड़के की शादी हो चुकी है। दोनों बड़े बेटे बाहर कमाने गए हैं। घर पर लोगों का जमावड़ा लगा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।