- पूर्व में डीएम से मिलकर अविश्वास प्रस्ताव लाने की रखी थी बात
धनघटा। नाथनगर के ग्राम प्रधान के खिलाफ पंचायत सदस्य मुखर हो गए। संबंधित सचिव पर गलत तरीके से बैठक कर कार्ययोजना तैयार करके सदस्यों का फर्जी हस्ताक्षर बनाने का आरोप लगाया है। सदस्यों ने हस्ताक्षर युक्त पत्र बीडीओ और एडीओ पंचायत को दिया है। पूर्व में सदस्यों ने डीएम से मिलकर नामित प्रधान के खिलाफ अविश्वास लाने की बात कही थी।
हस्ताक्षरयुक्त पत्र में नाथनगर के सदस्य मुंशीलाल, निसार अहमद, कली मुल्लाह, जाफर अली आदि ने कहा है कि ग्राम पंचायत में नामित प्रधान सर्वेश कुमार को बनाया गया है। प्रधान के द्वारा तैनात सचिव विकास श्रीवास्तव द्वारा बगैर सदस्यों को बुलाए ही बैठक कर ली गई। उनके द्वारा सदस्यों का फर्जी हस्ताक्षर रजिस्टर पर बनाकर कार्यवाही रजिस्टर पूर्ण कर लिया गया। सदस्यों का आरोप है कि उसी रजिस्टर के आधार पर सरकारी पैसे का भुगतान हो रहा है।
सदस्यों ने मांग रखी है कि उसी कार्यवाही रजिस्टर की जांच कर दोषी नामित प्रधान व सचिव पर कार्रवाई हो। नामित प्रधान को हटाकर किसी अन्य सदस्य को प्रधान के रूप में नामित किया जाए। ग्राम सभा में जो भी कार्य कराए जा रहे हैं, उसकी टीएसी जांच कराने की मांग की है। साथ ही पूर्व में जिलाधिकारी से इस प्रकरण की जानकारी देने की बात भी शिकायत पत्र में कहा गया है। प्रधान सर्वेश कुमार का कहना है कि जो भी आरोप लगाए गए हैं वह बेबुनियाद हैं। प्रस्तावित कार्य ही कराया गया है।