पुलिस लाइंस में आयोजित हुई व्यापारियों की बैठक, एसपी ने समस्याएं भी सुनीं
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने मंगलवार को पुलिस लाइंस सभागार में व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने व्यापारियों की समस्याएं सुनीं और उन्हें सुरक्षा का भरोसा भी दिया। उन्होंने कहा कि शहर में पार्किंग की व्यवस्था कराई जाएगी।
बैठक में एसपी ने व्यापारियों से उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली। व्यापारियों ने यातायात व्यवस्था व पार्किंग की समस्या के बारे में अवगत कराया। एसपी ने यातायात पुलिस को निर्देश दिया कि इस समस्या का निस्तारण कराएं। उन्होंने व्यापारियों को सुरक्षा के प्रति आश्वस्त किया। कहा, व्यापारी अपने-अपने दुकानों पर सीसीटीवी कैमरा लगवाएं। ऐसी व्यवस्था हो कि कैमरे 24 घंटे काम करें, ताकि शरारती तत्वों की गतिविधियों पर निगाह रखी जा सके। सुरक्षा के दृष्टिगत यूपी-112 और स्थानीय पुलिस की गाड़ियां महत्वपूर्ण स्थानों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों के आस पास 24 घंटे भ्रमण करतीं हैं। किसी भी प्रकार की आशंका होने पर अविलंब पुलिस को सूचना दें, जिससे समय रहते कार्रवाई की जा सके।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह,सीओ खलीलाबाद अंशुमान मिश्र, प्रतिसार निरीक्षक पंकज कुमार तिवारी, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली मनोज कुमार पांडेय, पीआरओ अमित कुशवाहा आदि उपस्थित रहे ।