सीडीओ की जांच में खुला मामला
सचिवों को नोटिस जारी करके मांगा जवाब
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। विकास खंड पौली की तीन ग्राम पंचायतों में पंचायत भवन निर्माण कार्य में बेहद सुस्ती बरती जा रही है। आठ महीने पूर्व इसके लिए प्रथम किस्त की धनराशि 10.46 लाख रुपये प्रत्येक पंचायत भवन के लिए जारी हुई थी। निर्माण अभी नींव स्तर तक भी पूर्ण नहीं है। जबकि छत स्तर तक दीवार बन जानी चाहिए थी। सीडीओ की जांच में कम काम और अधिक भुगतान का मामला पाया गया। सीडीओ ने कड़ी नाराजगी जाहिर की है। संबंधित सचिवों को नोटिस जारी करके जवाब मांगा है। 15 दिन में कार्य पूर्ण कराए जाने के निर्देश दिए हैं।
सीडीओ अतुल मिश्र ने बताया कि राष्ट्रीय ग्राम स्वरोजगार अभियान के तहत जिले में 54 पंचायत भवनों का निर्माण कार्य होना है। प्रत्येक पंचायत भवन निर्माण पर 17.46 लाख रुपये खर्च होगे। जांच में पाया गया कि पौली विकास खंड की ग्राम पंचायत कुड़वा में पंचायत भवन नींव स्तर तक बना है। जबकि चकिया गांव में सिर्फ दो फीट दीवार उठी है। यही हाल मांझा खड़गपुर का भी है। प्रत्येक पंचायत भवन निर्माण के लिए प्रथम किस्त की धनराशि 10.46 लाख रुपये जारी हुई है। जारी रकम निकाल ली गई है और काम बेहद कम कराया गया है। जबकि छत स्तर तक दीवार खड़ी होनी चाहिए। सचिवों को नोटिस जारी करके स्पष्टीकरण मांगा गया है। चेतावनी दी गई है कि 15 दिनों के भीतर छत स्तर तक दीवार पूर्ण कराएं। ताकि अगली किस्त जारी करके कार्य पूर्ण कराया जा सके। इस कार्य में लापरवाही बरतने पर संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।