डीएम ने की उर्वरक उपलब्धता की समीक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। किसानों को खरीफ अभियान में सुगमता पूर्वक उर्वरक की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए सोमवार का डीएम दिव्या मित्तल की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में जनपद स्तरीय उर्वरक समिति की बैठक हुई। इसमें समीक्षा उर्वरक की उपलब्धता की समीक्षा की गई।
जिला कृषि अधिकारी पीसी विश्वकर्मा ने बताया कि जनपद में यूरिया उर्वरक की 11791 मीट्रिक टन, डीएपी 1828 मीट्रिक टन, सिंगल सुपर फास्फेट 4046 मीट्रिक टन उपलब्ध है, जो जुलाई माह में धान रोपाई के लिए पर्याप्त है। प्रिपोजिसनिंग यूरिया 5200 मीट्रिक टन के सापेक्ष 2760 मीट्रिक टन व डीएपी 4100 मीट्रिक टन के सापेक्ष 810 मीट्रिक टन उपलब्ध है। यूरिया व डीएपी की शत-प्रतिशत उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए क्षेत्रीय अधिकारी इफको को निर्देश दिए गए। माह जून में इफ्को, चंबल , इंडोगल्फ, आईपीएल की यूरिया आपूर्ति प्लान के सापेक्ष रैक जनपद को नहीं प्राप्त होने के कारण संबंधित कंपनी के प्रतिनिधियों को सख्त निर्देश दिए गए कि आगामी एक सप्ताह में जनपद को निर्धारित उर्वरक की आपूर्ति सुनिश्चित कराएं। समस्त थोक उर्वरक विक्रेता सुनिश्चित कराएं की फुटकर उर्वरक विक्रेताओं के बिक्री केंद्र पर उर्वरक मूल्य का लेखन हो जाए। किसानों को पीओएस मशीन से निर्धारित मूल्य पर समस्त प्रकार से उर्वरक प्राप्त हो। प्रत्येक बिक्री केंद्र पर स्टॉक एवं बिक्री पंजिका अनिवार्य रूप से उपलब्ध हो। सहकारिता क्षेत्र जनपद के उर्वरक आपूर्ति में लगभग 70 प्रतिशत से अधिक का योगदान करते है। ऐसे में सहायक आयुक्त सहायक निबंधक, सहकारिता, जिला प्रबंधक पीसीएफ सुनिश्चित करें कि सहकारिता क्षेत्र के उर्वरक की उपलब्धता प्रत्येक क्षेत्र में ससमय सुनिश्चित हो जाए। बैठक में अधिकारियों, कंपनी प्रतिनिधियों एवं थोक उर्वरक विक्रेताओं को निर्देश दिया गया कि किसानों के हित में उचित ढंग से उर्वरक विक्रय का कार्य करें ंअन्यथा की दशा में कार्रवाई की जाएगी। बैठक में सीडीओ अतुल मिश्र सहित तमाम अधिकारी मौजूद रहे।