कोरोना के बीच शुरू हुई जेई से जंग की तैयारी
जुलाई माह में चलेगा संचारी रोग नियंत्रण व दस्तक अभियान
आशा घर-घर देंगी दस्तक, चलेगा सफाई अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। कोरोना संक्रमण के बीच जेई व एईएस से जंग की तैयारी शुरू हो गई है। शासन से निर्देश मिलने के बाद प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग तैयारियों में जुट गया है। जुलाई माह में संचारी रोग नियंत्रण व दस्तक अभियान संभावित है। ऐसे में जून माह में तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए कार्यक्रम तय किए जा रहे हैं।
बारिश का सीजन शुरू होने के साथ ही जेई व एईएस की बीमारी शुरू होने की संभावना रहती है। क्योंकि यह बीमारी जलजनित है, ऐसे में शासन ने जुलाई माह में संचारी रोग नियंत्रण व दस्तक अभियान चलाने के लिए संभावना है। शासन से जो निर्देश मिले हैं, उसके अनुसार जनपद व ब्लॉक स्तरीय प्रशिक्षण कराने, ब्लॉक स्तरीय अंतर्विभागीय बैठकें व जनपद स्तरीय बैठकें कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही संवेदीकरण बैठकें व विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के लिए ब्लॉक व जनपद स्तरीय माइक्रोप्लान तैयार कराया जाना है। इसके साथ ही दस्तक अभियान के लिए भी माइक्रोप्लान तैयार कराया जाएगा। इस दौरान ब्लॉक स्तरीय चिकित्सालयों पर आशा, एएनएम व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण पूर्ण कराया जाना है। कोरोना संक्रमण के बीच संचारी रोग नियंत्रण व दस्तक अभियान के लिए स्वास्थ्य विभाग व प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी है। अभियान के दौरान जहां गांवों में साफ-सफाई होगी, वहीं, आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर दस्तक देंगी और लोगों को जागरूक करेंगी। इस संबंध में अपर सीएमओ डॉ. मोहन झा ने कहा कि संचारी रोग नियंत्रण व दस्तक अभियान के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बैठकें और प्रशिक्षण का कार्य पूर्ण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि जल्द ही माइक्रोप्लान तैयार करा लिया जाएगा।