जंगल बेलहर क्षेत्र में पैमाइश करती हुई वन बंदोबस्त की टीम
लोहरौली। वन रेंज जंगल बेलहर के ग्राम पंचायत जंगल दशहर में जमीदारी उन्मूलन के बाद पहली बार वन बंदोबस्त टीम के द्वारा पैमाइश की जा रही है। इससे वन विभाग की जमीन पर अवैध कब्जा हटाया जाएगा और कब्जेदारों से जुर्माना की वसूली की भी की जाएगी। इसके बाद वन विभाग की जमीन पर कब्जा करने वालों में दहशत का माहौल देखा जा रहा है।
जमींदारी उन्मूलन के बाद से अभी तक वन विभाग के द्वारा वन रेंज जंगल बेलहर में कभी वन बंदोबस्त टीम ने पैमाइश नहीं की थी। इसके बाद वन विभाग की जमीनों पर कब्जे कर लिए गए थे। वन विभाग पहली बार इसको लेकर जागरूक हुआ है। वन बंदोबस्त की टीम ने इसकी पैमाइश शुरू कर दी है। वन बंदोबस्त टीम के द्वारा की जा रही पैमाइश के बाद से ही क्षेत्र में वन विभाग की जमीन पर अवैध कब्जा करके खेती करने वालों तथा उस पर स्थायी अतिक्रमण करने वालों में हलचल सी मच गई है। वह दहशत के साए में जी रहे हैं। वहीं वन विभाग की टीम पूरे हौसले के साथ कड़ी धूप में भी जमीन की पैमाइश करती हुई नजर आई।
इस दौरान वन रेंजर टीएन त्रिपाठी, डीएफओ हरिकेश नारायण यादव, मनीष कुमार, संतोष कुमार, राजू रामस्वरूप, के साथ ही वन विभाग के अधिकारी व वन बंदोबस्त टीम के कर्मचारीगण मौजूद रहे।