महुली। नाथनगर क्षेत्र में स्थित सिदाही पुल की रेलिंग क्षतिग्रस्त हो गई है। इससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है। पुल की रेलिंग के साथ ही एप्रोच भी क्षतिग्रस्त हो गई है। जिम्मेदारों का ध्यान इस पर नहीं जा रहा है। भय से लोग इस पुल पर अपने वाहन नहीं ले जाते हैं।
बस्ती महुली मार्ग पर स्थित छितहीं गांव से सीधे हरिहरपुर, तामेश्वरनाथ, बेल्डुआ और अन्य गांवों के साथ खलीलाबाद को जोड़ने के लिए अगया उर्फ सिदाही में कष्टहरिणी उर्फ कठिनईया नदी पर एक पुल का निर्माण कराया गया। इसकी लोहे की रेलिंग को तोड़कर चोर उठा ले गए हैं। चूहे इस पुल के एप्रोच को खोद रहे हैं। रैट होल से इस पुल का एप्रोच क्षतिग्रस्त हो रहा है।
यही नहीं इसके लिए बनाए गए संपर्क मार्ग में सिदाही गांव के एक व्यक्ति द्वारा बाधा पैदा की जा रही है। नतीजा यह है कि वाहनों को घूमकर गांव से होकर आना पड़ता है। दुर्घटना से सहमे लोगों ने इस पुल की रेलिंग सही कराने के साथ एप्रोच और संपर्क मार्ग की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि यहां पर लोगों की परेशानियां दूर हो सके।
पुल के लिए चुनाव बहिष्कार, एप्रोच के लिए अर्द्धनग्न होकर किया था प्रदर्शन : यह पुल काफी आंदोलनों के बाद बना था। वर्ष 2012 में होने वाले विधानसभा चुनाव का यहां के लोगों ने बहिष्कार किया था। उनका कहना था कि अगर पुल नहीं बनेगा तो वोट नहीं डालेंगे। इसके बाद आश्वासन मिला और पुल बना था।