संतकबीरनगर। महिला थाना खलीलाबाद में दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज किया गया है। धनघटा क्षेत्र की रहने वाली एक विवाहिता ने पति समेत आठ लोगों पर दहेज की अतिरिक्त मांग को लेकर शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पति सहित आठ नामजद आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता सहाना खातून के अनुसार उसका निकाह 17 नवंबर 2020 को बस्ती के मुंडेरवा थाना क्षेत्र के रामपुर रेवटी निवासी अलाउद्दीन से हुआ। आरोप है कि शादी के दो-तीन दिन बाद ही पति और ससुराल पक्ष के लोगों ने कम दहेज लाने का ताना देना शुरू कर दिया और बुलेट मोटरसाइकिल तथा एक लाख रुपये की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर उसे प्रताड़ित किया जाने लगा।
विवाहिता का आरोप है कि निकाह के एक सप्ताह बाद उसका पति मुंबई चला गया और उसके बाद उससे संपर्क भी नहीं रखा। छह जनवरी 2021 को ससुराल पक्ष ने उसे मायके भेज दिया। इसके बाद कई बार प्रयास करने के बावजूद उसे वापस विदा कराने कोई नहीं आया।
एसओ महिला थाना पूनम मौर्या ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी पति अलाउद्दीन, सास, ननद और अन्य परिजन समेत कुल आठ लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। मामले की जांच उपनिरीक्षक बजरंग कुमार मिश्र को सौंपी गई है।