संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। धनघटा थाना क्षेत्र के एक गांव की विवाहिता ने पति समेत ससुराल के पांच लोगों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट कर घर से निकालने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता सुनीता ने महिला थाना प्रभारी को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। पुलिस तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुट गई है।
पीड़िता सुनीता के अनुसार, उसकी शादी नौ जून 2013 को हुई। शादी में मिले दहेज के बावजूद पति राकेश, ससुर मिश्रीलाल, सास सोभवती देवी, ननद बिट्टन और देवर चुनमुन उसे कम दहेज लाने का ताना देते थे। आरोप है कि ससुराल के लोग उसे गरीब की बेटी कहकर अपमानित करते थे। पति कई बार उसके साथ मारपीट भी कर चुका है। इस मामले में पंचायत भी हुई थी।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि 11 जून 2026 की सुबह करीब नौ बजे पति ने उसके साथ मारपीट की। सास ने भी उसे पीटा, जबकि ननद ने उसका मोबाइल पटककर तोड़ दिया। ससुर ने गालियां दीं। इसके बाद पति, सास, ससुर, ननद और देवर ने उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया। साथ ही कहा कि दो लाख रुपये लेकर आने पर ही उसे घर में घुसने दिया जाएगा। पीड़िता के मुताबिक, आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
एसओ महिला थाना पूनम मौर्या ने बताया कि विवाहिता की तहरीर के आधार पर पति समेत ससुराल के लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।त