बघौली और सेमरियावां ब्लॉक क्षेत्र के तीन कोटे की दुकानों की जांच में अनियमितता उजागर हुई है।
इसे लेकर एक कोटेदार पर जहां पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है वहीं दो कोटेदारों से जवाब तलब किया गया है। क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी ब्रजेंद्र कुमार ने बताया कि बघौली ब्लॉक के भैसठ गांव के कुछ लोगों ने एसडीएम को शिकायती पत्र देकर कोटेदार की शिकायत की थी।
शिकायत की जांच उन्हें मिली। जांच में घटतौली के साथ निर्धारित दर से अधिक मूल्य लिए जाने की बात सामने आई। इस पर कोटेदार लौटू के खिलाफ पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
इस तरह सेमरियावां ब्लॉक के नौवाडीह द्वितीय कोटेदार संवारी देवी के खिलाफ वितरण में धांधली करने का आरोप लगाते हुए शिकायतकर्ता अकबर हुसेन ने डीएम को प्रार्थना पत्र दिया था।
जांच में अनाज में घटतौली और अधिक मूल्य लिए जाने की बात सही मिली। सेमरियावां ब्लॉक के ऊचहरा कला के कोटेदार पंचायत चुनाव में प्रधान पद पर चुनाव लड़े और जीत गए।
जिसकी वजह से वहां की दुकान प्रसादपुर के कोटेदार दिनेशचंद से अटैच कर दी गई। पात्र गृहस्थी का अनाज कोटेदार के जरिए नहीं दिए जाने की शिकायत ऊंचहरा कला के लोगों ने की थी।
जांच में पाया कि बीपीएल कार्ड धारकों को यूनिट के अनुसार अनाज नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कोटेदार संवारी देवी और दिनेशचंद्र को नोटिस देकर जवाब मांगा गया है।