- 100 मीटर के दायरे में होगा कार्य, यात्रियों के लिए बेंच, प्रकाश की व्यवस्था होगी
- टेमा रहमत, कांट, भुजैनी, नेदुला, मगहर दुर्गा मंदिर चौराहा शामिल
- श्रीराम मंदिर बनने के बाद गोरखपुर-लखनऊ हाईवे पर बढ़ी यात्रियों की भीड़
- सुंदरीकरण से सफर में मिलेगी सहूलियत, रोजगार बढ़ेगा
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। अयोध्या में भव्य राम मंदिर बनने के बाद गोरखपुर-लखनऊ हाइवे पर श्रद्धालुओं और यात्रियों की भीड़ बढ़ी है। इसे देखते हुए हाईवे के प्रमुख चौराहों के सुंदरीकरण और चौड़ीकरण के कार्य कराए जाने की तैयारी शुरू हो गई है। इससे जहां हाईवे पर सफर करने वाले लोगों को सहूलियत मिलेगी।
प्रशासन ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने के साथ जनपद की सीमा में पड़ने वाले प्रमुख चौराहे के चौड़ीकरण व सुंदरीकरण की पहल की है। प्रत्येक चौराहे का 100 मीटर का दायरा बढ़ेगा। इसके लिए हाईवे और तहसील प्रशासन को स्थान चिह्नित करने की जिम्मेदारी दी गई है। वैसे अभी जो चौराहों के नाम सामने आए हैं उनमें टेमा रहमत, कांटे चौराहा, भुजैनी, नेदुला, मगहर दुर्गा मंदिर चौराहा शामिल हैं। जल्द ही प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। यहां यात्रियों के लिए बेंच, प्रकाश व्यवस्था, पानी आदि की सुविधा उपलब्ध कराने की तैयारी है।
आसपास के क्षेत्र का होगा विकास, बढ़ेगा रोजगार
प्रमुख चौराहों के चौड़ीकरण व सुंदरीकरण कराए जाने से आसपास के क्षेत्र का विकास तेजी से होने की संभावना है। साथ ही रोजगार के अवसर बनेंगे, क्योंकि यहां वाहन खड़े होंगे, दुकानें भी खुलेेंगी, जिससे स्थानीय लोगों को लाभ मिलेगा।
सफर करने वालों को भी होगा सहूलियत
राष्ट्रीय राजमार्ग पर सफर करने वालों को प्रमुख चौराहों के चौड़ीकरण व सुंदरीकरण से लाभ मिलेगा। इन चौराहों पर सफर करने वाले रुक कर कुछ समय बिता सकेंगे। उन्हें महंगे होटल में जाने से भी राहत मिलेगी। आसपास खुलने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता भी समय पर परखी जाएगी।
अवैध कट को भरने की भी तैयारी
राष्ट्रीय राजमार्ग पर लोगों ने अपनी सुविधा के लिए जगह-जगह अवैध कट बना लिए हैं। ऐसे स्थानों पर अवैध कट बंद होंगे। साथ ही रेडियम लाइटें भी लगाए जाने की योजना है ताकि दुर्घटना की संभावना को कम किया जा सके।
- हाईवे पर सफर आसान बनाने के लिए पहल की गई है। इसके तहत जनपद की सीमा में पड़ने वाले प्रमुख चौराहों के चौड़ीकरण व सुंदरीकरण की तैयारी की जा रही है। प्रत्येक चौराहे का करीब 100 मीटर दायर बढ़ेगा। इससे लोगों को लाभ मिलेगा। जल्द ही कार्य शुरू कराए जाने की तैयारी है।
- महेंद्र सिंह तंवर, डीएम