धर्मसिंहवा। नगर पंचायत धर्मसिंहवा के सेवाइचपार वार्ड-12 में शनिवार भोर करीब चार बजे महुआ का पेड़ आरती पत्नी रूदल के छप्पर पर गिर गया। हादसे में छप्पर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि परिवार के किसी सदस्य को चोट नहीं आई।
आरती ने बताया कि परिवार के सभी सदस्य मजदूरी कर जीवन-यापन करते हैं। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण पक्का मकान अभी तक नहीं बनवा पाए हैं। परिवार को अभी तक प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ भी नहीं मिल सका है। ग्रामीणों का कहना है कि बस्ती में कई परिवार आज भी कच्चे मकान और छप्पर के सहारे जीवन गुजार रहे हैं। बारिश के दौरान इन परिवारों की परेशानी और बढ़ जाती है। आरती के पांच बेटे हैं। बड़ा बेटा हरिद्वार करीब 30 वर्ष का है, जो चार वर्ष पहले घर से चला गया था और तब से वापस नहीं लौटा। दूसरा बेटा घनश्याम 26 वर्ष, तीसरा नगीना 22 वर्ष, चौथा गणेश 20 वर्ष और पांचवां लालजी 18 वर्ष का है। नगीना की तीन वर्ष पहले शादी हो चुकी है।
पीड़ित परिवार ने नगर पंचायत और प्रशासन से मौके का निरीक्षण कर राहत सहायता देने तथा पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की है। स्थानीय लोगों ने भी बारिश के मौसम को देखते हुए जरूरतमंद परिवारों की समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने की मांग की है।