संतकबीरनगर। सिविल बार एसोसिएशन का वार्षिक चुनाव मंगलवार को एडीआर भवन में संपन्न हुआ। 452 मतदाता अधिवक्ताओं में से 402 ने मताधिकार का प्रयोग किया। देर शाम हुई मतगणना में महिप बहादुर पाल को अध्यक्ष, सुरेंद्र कुमार द्विवेदी को महामंत्री तथा कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर आनंद कुमार यादव को निर्वाचित घोषित किया गया। दीवानी न्यायालय परिसर में सुबह 9:00 बजे से सायं 3:00 बजे तक मतदान हुआ। मतदान के उपरांत मत पेटिका सील की गई।
3.30 बजे मतगणना प्रारंभ हुई। इसमें महिप बहादुर पाल को 205 मत प्राप्त हुए जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी कृष्ण चंद्र पांडेय को 195 मत मिले। दो मत अवैध रहे। महामंत्री पद पर त्रिकोणात्मक मुकाबला में सुरेंद्र कुमार द्विवेदी को 186 मत प्राप्त हुए। उनके निकटतम प्रतिद्वंदी अखिलेश्वर राय को 125 मत प्राप्त मिले तथा अजय सिंह को 88 मत प्राप्त हुए। तीन वोट अवैध रहे।
कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद के चुनाव में आनंद यादव को 243 मत प्राप्त हुए। वहीं निकटतम प्रतिद्वंदी मोहम्मद शाहिद को 157 मत प्राप्त हुए। चुनाव अधिकारी संपूर्णानंद पाठक, श्याम बिहारी लाल श्रीवास्तव, ओंकार नाथ चौरसिया, शिव प्रकाश शुक्ला, भगवान दास तथा सहायक चुनाव अधिकारी ने मतदान के उपरांत मतों की गणना कर चुनाव सम्पन्न कराया। पूरे दिन परिसर में शांतिपूर्वक मतदान हुआ। प्रशासन के लोग मुस्तैद रहे।