संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जनपद के नाथनगर क्षेत्र स्थित मदरसा प्रबंधन ने अपने ही परिजनों के नाम पर छात्रवृत्ति की रकम हड़प ली है। नेशनल स्काॅलरशीप पोर्टल पर फर्जी छात्रों का पंजीकरण कराकर छात्रवृत्ति की रकम निकालने का आरोप लगा है। शिकायतकर्ता ने आईजीआरएस के माध्यम से प्रार्थना पर देकर मदरसा प्रबंधन पर कार्रवाई करने की मांग की है।
मदरसा प्रबंधक पर सरकारी राजस्व को क्षति पहुंचाने का मामला सामने आया है। नाथनगर निवासी आरिफ मोहम्मद का आरोप है कि नेशनल स्काॅलरशिप पोर्टल पर प्रबंधक द्वारा फर्जीवाड़ा करके बड़े और बूढ़े व्यक्तियों की कम उम्र दिखा छात्र बनाकर मदरसे में पंजीकरण किया गया। बिना कक्षा में पहुंचे उन बच्चों के नाम पर बड़े पैमाने पर छात्रवृत्ति निकालकर सरकारी राजस्व को क्षति पहुंचाया गया।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि वर्ष 2018-19 में फर्जी बच्चों के नाम से पंजीकरण कराकर छात्रवृत्ति हड़प करने का खेल प्रबंधक द्वारा किया गया है। कई गरीब बच्चों को उनके हक से वंचित किया गया है।
शिकायतकर्ता आरिफ मोहम्मद ने पूरे मामले में कमेटी गठित करके निष्पक्ष जांच कराकर मामले में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने और मदरसे की मान्यता को भी निरस्त करने की मांग की है।