दुष्कर्म व कुकर्म के बाद बच्ची की हत्या, शव नाले में दफनाया
- चार दिन से लापता थी सात वर्षीय बालिका
- आरोपी युवक को गिरफ्तार कर पूछताछ में जुटी पुलिस
अमर उजाला ब्यूूूरो
बेलहर (संतकबीरनगर)। जिले के बेलहर क्षेत्र के एक गांव से चार दिन से लापता सात वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म व कुकर्म के बाद उसकी हत्या कर शव को नाले में दफनाने का मामला प्रकाश में आया है। शनिवार को पुलिस ने संदेह के आधार पर आरोपी को पकड़कर पूछताछ की तो उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेेेही पर पुलिस ने शव को नाले से बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बालिका बुधवार को अपने पिता और दोनों भाइयों के साथ धान के खेत में गई थी। पिता और भाई बच्ची को खेत में छोड़कर धान की मड़ाई के बाद बोझ रखने घर चले गए। पिता जब दोबारा खेत में पहुंचे तो बच्ची लापता थी। घरवालों में पहले खुद बच्ची की तलाश की। जब कुछ पता नहीं चला तो देर शाम उन्होंने बेलहर पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कर बच्ची की तलाश शुरू की। शुक्रवार को एसपी ब्रजेश सिंह, सीओ राम प्रकाश, एसओ प्रदीप सिंह और एसओ दुधारा श्री प्रकाश यादव मौके पर पहुंचे। पुलिस ने डॉग स्क्वॉड और ड्रोन कैमरे का भी सहारा लिया, लेकिन कामयाबी नहीं मिली।
एसओ प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर शनिवार को क्षेत्र के अकलोहना राजेबोहा गांव निवासी आरोपी लाल बहादुर को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह बुद्धा नाले को पार करके खेत में पहुंचा तो बच्ची अकेली मिली। वह बच्ची को मुंह दबाकर जंगल में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म और कुकर्म किया। घटना को छिपाने के लिए उसने गला दबाकर बच्ची की हत्या कर दी और अपनी शॉल में लपेटकर शव को नाले में दफन कर दिया। आरोपी के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म और कुकर्म के बाद हत्या कर शव छिपाने की कोशिश और पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज कर लिया गया है। डीएम दिव्या मित्तल और एसपी ब्रजेश सिंह ने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर पीड़ित परिजनों से घटना की जानकारी ली।