खुद को सिपाही बताकर दुकान से एक लाख के जेवरात उठा ले गया
पीड़ित दुकानदार ने इंतजार के बाद न लौटने पर पौली चौकी पर दी सूचना
संवाद न्यूज एजेंसी
पौली/रोसया। धनघटा क्षेत्र के पौली में स्थित एक जेवरात की दुकान से शनिवार को खुद को पौली पुलिस चौकी पर तैनात सिपाही होना बताकर एक जालसाज एक लाख के जेवरात लेकर चंपत हो गया। काफी देर तक जब जालसाज युवक दुकान पर नहीं लौटा तो पीड़ित ने पुलिस चौकी पर पहुुंच कर घटना की सूचना दी। सूचना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई।
शिवबखरी गांव निवासी प्रेमचंद्र पौली में सराफा की दुकान संचालित करते हैं। प्रेमचंद्र का आरोप है कि शनिवार को एक जालसाज युवक उनकी दुकान पर पहुंचा। युवक ने पहले सोने की अंगूठी मांगकर देखा। उसके बाद लगभग 20 ग्राम के सोने का झाला मांगकर देखने लगा। युवक ने खुद को पुलिस चौकी पौली का सिपाही होना बताया और झाला लेकर थोड़ी देर में आने की बात कहते हुए चला गया। जब काफी देर इंतजार के बाद भी वह नहीं लौटा तो प्रेमचंद ने पुलिस चौकी पर पहुंच कर घटना की सूचना दी। पीड़ित दुकानदार ने बताया कि एक लाख रुपये कीमत के जेवरात जालसाज ले गया है। पीड़ित ने इस मामले में कार्रवाई की मांग की। चौकी प्रभारी विवेकानंद तिवारी ने बताया कि प्रेमचंद्र ने सोने के जेवरात किसी के ले जाने की सूचना दी है। इसकी जांच की जा रही है। जांच के बाद मामले में कार्रवाई की जाएगी।