ऑपरेशन के बाद आंख खराब हाेने का आरोप लगा कलक्ट्रेट में अपर एसडीएम को प्रार्थना पत्र देता पीड़ित
संतकबीरनगर। शहर के एक निजी अस्पताल में गलत तरीके से ऑपरेशन किए जाने से आंख की रोशनी चले जाने का मामला सामने आया है। एक पीड़ित ने अपर एसडीएम को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है। पीड़ित का आरोप है कि 10 अन्य लोगों ने भी ऑपरेशन कराया था जिनकी आंखों की रोशनी चली गई है। शिकायत के बाद सीएमओ ने तीन सदस्यीय टीम गठित करके मामले की जांच शुरू करा दी है।
गोरखपुर जनपद के खरैला गीडा निवासी प्रमोद सिंह ने अपर एसडीएम को दिए डीएम को संबोधित शिकायती पत्र में कहा है कि 13 दिसंबर को शहर के मैलानी स्थित अग्रवाल नेत्रालय में आंख का ऑपरेशन कराया था। ऑपरेशन कर लेंस लगाया गया। आरोप है कि डॉक्टरों की लापरवाही से उनकी आंख की रोशनी चली गई। प्रमोद के मुताबिक उनके साथ 10 अन्य लोगों ने भी आंख का ऑपरेशन कराया था, सबकी आंख की रोशनी चली गई है। आरोप है कि चिकित्सक के पास दोबारा गए तो उन्हें दूसरे निजी अस्पताल में दिखाने की सलाह दी गई। चिकित्सक ने पर्चा अपने पास रख लिया और मांगने पर मारपीट कर अस्पताल से बाहर कर दिया। अब सभी पीड़ित दिल्ली और नेपाल के भैरहवा में इलाज करा रहे हैं, वहां के चिकित्सकों ने कहा है कि आंख की रोशनी वापस आना मुश्किल है।
कोट
प्रमोद सिंह का शिकायत पत्र मिला है। मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम का गठन किया गया है। इसमें अपर सीएमओ डॉ. रामरतन, डिप्टी सीएमओ डॉ. शैलेंद्र और एक नेत्र रोग विशेषज्ञ को रखा गया है। टीम को एक सप्ताह में जांच रिपोर्ट देने को कहा गया है।
- डॉ. रामानुज कन्नौजिया, सीएमओ
कोट
ऑपरेशन सही तरीके से किया गया था। इलाज में कोई लापरवाही नहीं बरती गई है। शिकायतकर्ता के सभी आरोप बेबुनियाद हैं। जांच में पूरा सहयोग किया जाएगा।
- डॉ. अभिनव अग्रवाल, अग्रवाल नेत्रालय