- 29 गांवों में विकास कार्य के नाम पर 1.29 करोड़ रुपये का हुआ था फर्जी भुगतान
- दो पूर्व सीडीओ, पूर्व डीपीआरओ समेत कई अधिकारियों पर लगाया है आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। सेमरियावां ब्लॉक के 29 गांव में बिना कार्य कराए ही 1.29 करोड़ रुपये का भुगतान कर दिया गया था। इस फर्जीवाड़े में दो पूर्व सीडीओ, पूर्व डीपीआरओ, डिप्टी डायरेक्टर पंचायत, जेई व तीन सेक्रेटरी पर गंभीर आरोप लगा था। मामले की जांच लोकायुक्त की टीम द्वारा बृहस्पतिवार को की जाएगी। टीम ब्लॉक के सभी 29 गांव में कार्यों का निरीक्षण कर अपनी रिपोर्ट लोकायुक्त को भेजेगी। टीम ने गांव के सचिव व अन्य अधिकारियों को सभी दस्तावेज के साथ मौजूद रहने का निर्देश दिया है।
सेमरियावां निवासी सलीम उमर ने लोकायुक्त से शिकायत की थी। इसमें आरोप था कि क्षेत्र के 29 गांव में बिना कार्य कराए भुगतान कर दिया गया है। अधिकारियों और कर्मचारियों ने विकास के लिए आए 1.29 करोड़ रुपये का बंदरबांट किया है। इसकी सही तरीके से जांच कराई जाए तो गबन का मामला आएगा। लोकायुक्त के निर्देश पर डीएम ने एसडीएम सदर, सीओ सदर, एपीओ, जेई की जांच टीम बनाई है। जांच टीम 7 दिसंबर बृहस्पतिवार को सभी गांवों में जाकर विकास कार्यों का भौतिक सत्यापन करेगी। एसडीएम सदर शैलेश दुबे ने सचिव व संबंधित अधिकारी को दस्तावेज के साथ मौजूद रहने का निर्देश दिया है।
इन गांवाें में होगा भौतिक सत्यापन
करही, चंगेरा मंगेरा, सेमरियावां, बुढाननगर, साल्हेपुर, साजियाबाद, बिगरामीर, दुधारा, उमिला, बक्सी बक्सा, बिगरा अव्वल, सोनौरा गोसी, उसरा शहीद, तेनुहारी सोयम, रायपुर छपिया, पिपरा गोविंद, मूडाडीहा बेग, केकरहो, महुआरी, कांटधेस, धर्मपुरा, गर्थवलिया, डारीडीहा, चोहरा, छंगुरिया बंगुलिया, चिउटना, चमरसन, बढ़या माफी, जिगीना में जांच टीम भौतिक सत्यापन करेगी।