संतकबीरनगर। ग्राम पंचायतों की तर्ज पर अब सभी विद्यालयों की भी स्वच्छता रैंकिंग निर्धारित होगी। इसमें उच्च रैंकिंग वाले विद्यालयों को राज्य और केंद्र सरकार की तरफ से पुरस्कृत किया जाएगा। इसके लिए विद्यालयों को स्वयं का मूल्यांकन करना होगा।
इसके लिए विद्यालयों को एसएचवीआर (स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रेटिंग) पोर्टल या मोबाइल एप पर 30 सितंबर तक स्व-मूल्यांकन रिपोर्ट जमा करनी होगी। प्रोजेक्ट अलंकार के तहत माध्यमिक विद्यालयों में जल और स्वच्छता आधारित सुविधाओं पर खासा जोर दिया जा रहा है।
विद्यालयों को स्वमूल्यांकन के आधार पर 60 निर्धारित मानकों पर खरा उतरना होगा। पूरे अभियान को पांच घटकों जल, शौचालय, हाथ धुलाई, संचालन व अनुरक्षण, व्यवहार परिवर्तन, क्षमता निर्माण व मिशन लाइफ के अनुरूप हरित पहल पर बांटा गया है, जिसके तहत कार्य कराया जाएगा। डीआईओएस हरिशचंद नाथ ने कहा कि अधिक से अधिक विद्यालयों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए सभी विद्यालयों को पत्र जारी कर दिया गया है। सभी विद्यालयों को ऑनलाइन आवेदन करने के निर्देश दिए गए हैं।