संवाद न्यूज एजेंसी
मेंहदावल। थाना क्षेत्र के जमोहरा गांव में पुरानी रंजिश में युवक पर लाठी-डंडे और चाकू से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। इसमें युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे सीएचसी मेंहदावल ले गए, जहां हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने जिला अस्पताल और बाद में मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया।
घायल की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने छह नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जमोहरा निवासी बिंदुमती पत्नी रामकेश ने पुलिस को दी तहरीर में जानकारी दी कि दो दिन पूर्व रात में उसका पति रामकेश बाइक से गांव की एक दुकान पर गया था। वहां से लौटते समय गांव के ही मुरलीधर, उसके बेटे अजय और आकाश, दिनेश तथा मुरलीधर की बेटियां अर्चना और साधना ने पुरानी रंजिश को लेकर उसे रास्ते में रोक लिया।
आरोप है कि गाली-गलौज का विरोध करने पर सभी ने रामकेश को जमीन पर पटक दिया और लाठी-डंडों व चाकू से हमला कर दिया। मारपीट में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। चीख-पुकार सुनकर पत्नी मौके पर पहुंची तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग गए।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस की 112 सेवा और एंबुलेंस की मदद से घायल को सीएचसी मेंहदावल पहुंचाया गया।