शल मीडिया पर अपने दो शावकों के साथ तेंदुए का वायरल वीडियो। स्रोत-सोशल मीडिया
बेलहर। सुरसा-चमनजोत जंगल में तेंदुआ अब तक पकड़ में नहीं आ सका है। वन विभाग ने लोगों को सतर्क करने के लिए जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। पहले गांव-गांव डुग्गी-मुनादी कराकर लोगों को सावधान किया गया था और राजघाट, सुरसा चमनजोत, अकोलिहा, पिपरा प्रथम समेत जंगल से सटे गांवों और मुख्य मार्गों पर चेतावनी संबंधी पोस्टर भी लगाया गया।
बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुआ, जिसमें तेंदुआ दो शावकों के साथ रोड क्रॉस करता दिखाई दे रहा है। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी इसकी पुष्टि नहीं करता है।
दूसरी ओर ग्रामीण एवं राहगीरों में डर का माहौल है। तेंदुआ वन विभाग के लिए चुनौती बना है। वन विभाग द्वारा तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। ग्रामीणों को जागरूक किया जा रहा है, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं तेंदुआ दिखाई दे तो तत्काल सूचना दें और स्वयं उसे पकड़ने या उसके पास जाने का प्रयास न करें।