संतकबीरनगर। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए पुलिस अधिकारियों ने अलग-अलग सर्किलों में समीक्षा बैठक की। अधिकारियों ने लंबित मामलों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण, वांछित और वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी और कांवड़ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
क्षेत्राधिकारी धनघटा अभयनाथ मिश्रा ने थाना धनघटा और महुली के अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ समीक्षा बैठक की। वहीं, क्षेत्राधिकारी मेंहदावल सर्वदवन सिंह ने थाना बखिरा में सर्किल के सभी विवेचकों का अर्दली रूम आयोजित किया। इसमें थाना मेंहदावल, बखिरा, बेलहरकला और धर्मसिंहवा के थाना प्रभारियों एवं विवेचकों ने प्रतिभाग किया। बैठक में अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं, जनशिकायतों के निस्तारण, महिला एवं बाल अपराधों में त्वरित कार्रवाई, साइबर अपराधों की रोकथाम और आगामी कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की गई।
सीओ ने निर्देश दिया कि सभी पुलिसकर्मी अपने दायित्वों का ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करें। अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए आमजन में सुरक्षा और विश्वास का माहौल बनाएं। उन्होंने नियमित पैदल और रात्रि गश्त, संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग, हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी, बैंक, बाजार व धार्मिक स्थलों की सुरक्षा जांच तथा डायल-112 की रिस्पांस टाइम में सुधार पर भी जोर दिया। साथ ही साइबर हेल्पलाइन 1930 के व्यापक प्रचार-प्रसार और सोशल मीडिया पर अफवाहों की निगरानी के निर्देश दिए।