धनघटा में लेखपाल और किसान हुए आमने-सामने
दोनों तरफ से हुई जमकर नारेबाजी
अमर उजाला ब्यूरो
हैंसर। धनघटा तहसील में मंगलवार को अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे लेखपालों और किसानों के बीच आय प्रमाण पत्र को लेकर जमकर विवाद हुआ। मामले ने इतना जोर पकड़ लिया कि दोनों तरफ से नारेबाजी होने लगी। तहसील सभागार में जन समस्या सुन रहे डीएम तक जब शोर पहुंचा तो पुलिस ने पहुंचकर दोनों पक्षों को शांत कराया।
लेखपाल संघ के तहसील अध्यक्ष गिरजेश यादव का कहना है कि अपनी छह सूत्रीय मांग को लेकर लेखपाल धरने पर बैठे थे। उसी समय सुकरौली गांव के कुछ लोग आए और एक लेखपाल को अपशब्द कहने लगे। जिसका विरोध लेखपाल किए तो वह लोग आग बबूला हो गए। जिस पर दोनों तरफ से जमकर नारेबाजी हुई। लेखपालों का कहना है कि जिस लेखपाल को अपशब्द कहा गया और मारने-पीटने की धमकी दी गई, वह आय प्रमाण पत्र 48 हजार का बना दिए हैं, जो आवेदक की वास्तविक आय है। वह लोग आय प्रमाण पत्र कम का बनाने का दबाव डाल रहे थे। यही विवाद का कारण है। पीड़ित लेखपाल ने थाने पर तहरीर दे दी है, लेकिन पुलिस केस दर्ज नहीं कर रही है। यदि केस दर्ज नहीं हुआ तो लेखपाल संघ पुलिस के विरुद्ध आर-पार की लड़ाई शुरू कर देगा।