- ढाई साल पहले चौड़ीकरण की हुई थी घोषणा
- डीपीआर बनाने वाली कंपनियों के बीच तालमेल के अभाव में नहीं बन पाया प्रस्ताव
25 किलोमीटर लंबा है खलीलाबाद-धनघटा मार्ग
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। ढाई साल पहले खलीलाबाद-धनघटा मार्ग के चौड़ीकरण की घोषणा हुई थी। लोगों को उम्मीद थी कि सड़क के चौड़ीकरण होने से वाहन फर्राटा भरेंगे, लेकिन लोगों का सपना टूटने लगा है। कारण यह है कि अभी तक इसका प्रस्ताव ही तैयार नहीं हो पाया है। मार्ग चौड़ीकरण करने वाली कंपनियों के बीच तालमेल की कमी के चलते डीपीआर बनाने में बाधा बनी रही। अब डीएम की पहल के बाद कार्यदायी संस्था लोकसभा चुनाव के बाद खलीलाबाद-धनघटा मार्ग के चौड़ीकरण की बात कह रही है। इसी वित्तीय वर्ष में चौड़ीकरण का कार्य पूरा होना था।
गौरतलब है कि खलीलाबाद से धनघटा तक करीब 25 किलोमीटर लंबी सड़क है। इसके चौड़ीकरण के लिए करीब ढाई साल पहले केंद्रीय सड़क परिवहन व राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने घोषणा की थी। इसके लिए सर्वे भी कराया गया, लेकिन सड़क के चौड़ीकरण का प्रस्ताव ही तैयार नहीं हो पाया। कारण यह है कि डीपीआर बनाने वाली कंपनियों के जिम्मेदारों के बीच आपसी तालमेल नहीं हो पाया। इस बीच डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने पहल की और कंपनियों के अधिकारियों के साथ बैठक कर सहमति बनाने का प्रयास किया है। दूसरी तरफ सड़क का चौड़ीकरण न होेने से खलीलाबाद-धनघटा मार्ग से होकर आने-जाने वाले लोगों को दुश्वारियां झेलनी पड़ रही हैं।
बोले यात्री
खलीलाबाद-धनघटा मार्ग के चौड़ीकरण की घोषणा होने से सफर बेहतर होने की उम्मीद जगी थी, लेकिन अब तक सड़क के चौड़ीकरण का कार्य शुरू न होने से आस टूटने लगी है। सड़क की पटरियां भी नहीं बनी हैं, जिसके कारण आने-जाने में परेशानी झेलनी पड़ती है।
- सर्वेश पांडेय, यात्री
खलीलाबाद-धनघटा मार्ग के चौड़ीकरण होने से जहां आवागमन सुगम होता वहीं विकास की गति भी तेज होती, लेकिन अभी तक चौड़ीकरण का कार्य शुरू न होने से आने-जाने में परेशानी उठानी पड़ रही है। ऐसे में सड़क का चौड़ीकरण जल्द से जल्द कराए जाने की जरूरत है।
- प्रदीप अग्रहरि, यात्री
खलीलाबाद-धनघटा मार्ग के चौड़ीकरण की योजना है। कुछ दिक्कतों के कारण प्रस्ताव बनाकर नहीं भेजा जा सका है। अब लोकसभा चुनाव के बाद नए सिरे से डीपीआर बनाकर शासन को भेजा जाएगा। इसके बाद चौड़ीकरण का कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
- रितेश शर्मा, अधिशासी अभियंता, एनएचआई