संतकबीरनगर। गाजियाबाद जिला बार एसोसिएशन द्वारा समर्थन मांगे जाने के कारण मंगलवार को कलक्ट्रेट बार एसोसिएशन खलीलाबाद के अधिवक्ताओं ने तहसील खलीलाबाद परिसर में एसडीएम खलीलाबाद के कार्यालय के सामने विरोध प्रदर्शन किया।
अधिवक्ताओं ने गाजियाबाद बार एसोसिएशन की मांग के समर्थन में न्यायिक कार्य में सहयोग नहीं किया। अधिवक्ताओं के विरोध प्रदर्शन और न्यायिक कार्य में सहयोग नहीं करने पर वादकारी कचहरी से निराश होकर लौट गए। कलक्ट्रेट बार एसोसिएशन खलीलाबाद के आम सभा की बैठक बार अध्यक्ष रविंद्र नाथ पांडेय की अध्यक्षता में संपन्न हुई। जिसमें गाजियाबाद में अधिवक्ताओं पर लाठी चार्ज के विरोध में चल रहे आंदोलन में समर्थन देते हुए विरोध प्रदर्शन किया। अध्यक्ष रविन्द्र नाथ पांडे ने कहा कि निहत्थे अधिवक्ताओं पर लाठीचार्ज के दोषी पुलिस अधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों का स्थानांतरण किया जाए।