पुरानी तहसील जहां पर होना है मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण
पुनीत कुमार मिश्र संतकबीरनगर। जिला मुख्यालय पर स्थित पुरानी तहसील में नगर पालिका के द्वारा मल्टीप्लेक्स, व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स, मल्टीलेवल पार्किंग के निर्माण के लिए 19 करोड़ रुपये की स्वीकृति हुई थी। इसके लिए राजस्व परिषद में भूमि को नगर पालिका के पक्ष में स्थानांतरित करने के लिए फाइल दो माह पूर्व ही भेजी गई थी। राजस्व परिषद से ही फाइल गायब हो गई है। जिसके चलते भूमि का स्थानांतरण न होने से निर्माण कार्य रूक गया है। जबकि निर्माण के लिए सीएनडीएस को कार्यदायी संस्था भी नामित कर दिया गया है।
नगर पालिका परिषद ने नए वित्तीय वर्ष में शहर को चमकाने की तैयारी में है। इसके तहत शहर के लिए जो योजनाएं बनाई गई थीं, उनको धरातल पर लाने में जुट गई है। शहर के पुरानी तहसील में 19 करोड़ की लागत से मल्टीप्लेक्स व पार्किंग स्थल बनाने की कवायद शुरू की गई थी। शासन से धन भी स्वीकृत हो गया था। लेकिन पुरानी तहसील की जमीन जो राजस्व परिषद के नाम से उसका स्थानांतरण नगर पालिका के पक्ष में नहीं हो पाया।
नगर पालिका ने प्रशासन के माध्यम से दो माह पूर्व जमीन स्थानांतरण के लिए फाइल भेजी थी लेकिन बताया जा रहा है कि वह फाइल कहीं गायब हो गई है। अब नए सिरे से फाइल भेजने की कवायद में नगर पालिका जुटी है। जिसमे अभी समय लग सकता है। लोगों को मल्टीप्लेक्स के लिए इंतजार करना पड़ेगा।
इधर एक लाख की आबादी वाले खलीलाबाद शहर को आकर्षक लुक देने के लिए प्रशासन ने जहां सेफ सिटी के तहत कार्य शुरू कराएं गए हैं, वहीं पालिका परिषद द्वारा बनाई गई योजनाओं पर अमल हुआ तो शहर की तस्वीर बदली नजर आएगी। संवाद