- तीन पंचायत भवन के लिए जमीन की है तलाश
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जनपद में सात ग्राम पंचायतों में भवन बनाने के लिए जमीन मिल गई है, जबकि तीन ग्राम पंचायतों में अभी भी भवन के लिए जमीन की तलाश है।
जमीन नहीं मिलने के कारण कुछ ग्राम पंचायतों में भवन नहीं बन पा रहे थे। जिसके कारण सरकारी योजनाओं के क्रियान्वय में दिक्कत आ रही थी। जिला प्रशासन ने भूमि क्रय कर पंचायत भवन बनाने का निर्णय लिया। बेलहर कला के ग्राम पंचायत परसी, गनवरिया, आदि में पंचायत भवन बनाने के लिए एडीएम वित्त एवं राजस्व की अध्यक्षता में समिति गठित कर जमीन खरीदने की कवायद शुरू की गई।
अब तक सात पंचायत भवन के लिए जमीन मिल गई है, जिसमें मेंहदावल के ग्राम पंचायत बरईपार, नगपुर, पचनेउरी, बेलहर कला के परासी गनवरिया, पौली के निहैला, हैंसर बाजार के अशरफपुर और मुण्डेरा शुक्ला में पंचायत भवन के लिए जमीन मिल गई है। इसमें ग्राम पंचायत असरफपुर, और मुण्डेरा शुक्ला में सरकारी जमीन पर पंचायत भवन बनेगा। अभी भी तीन ग्राम पंचायतों में जमीन नहीं मिली है। जिसमें ग्राम पंचायत रक्शा, मनिकपुर और संठी शामिल है।
जनपद में सात नए पंचायत भवन बनाने के लिए जमीन मिल गई है। इसमें से दो ग्राम पंचायतों में सरकारी जमीन मिली है।
- अविनाश कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी