संतकबीररनगर। बेलहर क्षेत्र के सरवसडाडी में 33/11 के विद्युत उप केंद्र के निर्माण में जमीन की कमी बाधा बन गई है। जो जमीन चिह्नित की गई है वह पर्याप्त नहीं है। इस संबंध में पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम गोरखपुर के अधिशाषी अभियंता ने एक्सईएन मेंहदावल को पत्र लिखा है और आवंटित भूमि की पैमाइश एवं नक्शा नजरी कराने का आग्रह किया है, ताकि जल्द से जल्द उपकेंद्र का निर्माण कार्य शुरू हो सके।
शासन ने जिले के बेलहर क्षेत्र के सरवसडाड़ी में बिजनेस प्लान के तहत 33/11 के विद्युत उपकेंद्र के निर्माण को मंजूरी प्रदान की है। उपकेंद्र के निर्माण के लिए जो जमीन आवंटित की गई है, वह विद्युत निगम के आवश्यकता से कम हैं। उपकेंद्र के निर्माण के लिए विद्युत निगम को 0.250 हेक्टेयर जमीन की जरूरत है, लेकिन जो जमीन आवंटित की गई है। वह मौके पर 0.188 हेक्टेयर ही है। इससे विद्युत उपकेंद्र के निर्माण में बाधा उत्पन्न हो गई है। इसको लेकर अधिशाषी अभियंता पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम गोरखपुर आदित्य विक्रम सिंह ने एक्सईएन मेंहदावल को पत्र लिखकर भूमि की पैमाइश एवं नजरी नक्शा कराने का आग्रह किया है, ताकि प्रस्तावित स्थल पर विद्युत उपकेंद्र के निर्माण कार्य को शुरू कराया जा सके। साथ ही भविष्य मेें आवंटित भूमि से कम भूमि का अधिग्रहण करने में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो। वैसे इस विद्युत उपकेंद्र के निर्माण होने से क्षेत्र की करीब 20 हजार की आबादी का लाभ होगा और उन्हें लोकल फॉल्ट सहित अन्य समस्याओं को नहीं झेलना पड़ेगा।
बेलहर क्षेत्र के सरवसडाडड़ी में विद्युत उपकेंद्र का निर्माण प्रस्तावित है। इसके लिए जमीन आवंटित हुई है। मौके पर जमीन कम होने की बात सामने आई है। ऐसे में पैमाइश व नजरी नक्शा तैयार कराया जाएगा, ताकि भूमि का अधिग्रहण का कार्य पूर्ण हो और निर्माण कार्य शुरू हो सके।
पीके गुप्ता- अधिशाषी अभियंता मेंहदावल