संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद थाना क्षेत्र के बेलदारी टोला निवासी एक मजदूर ने तीन लोगों पर जाति सूचक गालियां देने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। इस संबंध में पुलिस को तहरीर दी गई है। पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई में जुट गई है।
बेलदारी टोला निवासी अनूप चौहान के अनुसार वह 20 जून को अन्य मजदूरों के साथ एग्रो कॉलोनी के पास स्थित एक प्लॉट पर मजदूरी करने गया था। शाम करीब तीन बजे धर्मेंद्र कुमार नामक व्यक्ति दो साथियों के साथ पहुंचा। उसने पहले अनूप का नाम और जाति पूछी तथा काम बंद करने को कहा। जब उसने प्लॉट मालिक से बात करने की बात कही तो धर्मेंद्र कुमार आक्रोशित हो गया और जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध पर उसने मारपीट की। शोर सुनकर मौके पर मौजूद अन्य मजदूर और लोग पहुंच गए, जिन्होंने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
कोतवाल जय प्रकाश दूबे का कहना है कि तहरीर प्राप्त हुई है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच व आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। संवाद