संतकबीरनगर। खलीलाबाद शहर के बरदहिया बाजार में साप्ताहिक बंदी का निरीक्षण करने शुक्रवार को पहुंचे श्रम प्रवर्तन अधिकारी के साथ मारपीट की गई। कोतवाली पुलिस ने आरोपी गारमेंट दुकानदार के खिलाफ मारपीट व सरकारी कार्य में बाधा समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्जकर विधिक कार्रवाई में जुट गई है।
खलीलाबाद शहर में शुक्रवार को साप्ताहिक बंदी रहती है। जानकारी के अनुसार, श्रम प्रवर्तन अधिकारी मनोज कुमार बंदी की जांच करने दोपहर बाद शहर के बरदहिया बाजार में पहुंचे थे। वहां दुकानदार ने उनके साथ मारपीट की। कोतवाली पुलिस तहरीर देकर श्रम प्रवर्तन अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि 6 फरवरी को वह खलीलाबाद बरदहिया बाजार में साप्ताहिक बंदी का निरीक्षण करने गए थे। तेजस गारमेंट की दुकान खुली मिलने पर पूछताछ की और साप्ताहिक बंदी की जानकारी देकर दुकान को बंद करने का निर्देश दिया। इस पर प्रोपराइटर विकास उर्फ लल्लू ने उनको गाली देते हुए मारपीट शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देते हुए सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की। आरोपी मनबढ़ किस्म का व्यक्ति है। कोतवाल पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि श्रम प्रवर्तन अधिकारी से मारपीट की वारदात संज्ञान में आई है। आरोपी दुकानदार के खिलाफ प्राथमिकी दर्जकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।