- दुधारा क्षेत्र के दानोकुइयां गांव में मारा छापा
- दुकान पर सरकारी बोरे में मिला अनाज सीज
संवाद न्यूज एजेंसी
सेमरियावां। एसडीएम सदर खलीलाबाद शैलेश कुमार दूबे ने नायब तहसीलदार खलीलाबाद राजेश कुमार मिश्र के साथ मंगलवार को दुधारा क्षेत्र के दानोकुइयां गांव में कोटेदार और एक व्यापारी की दुकान पर छापा मारा। कोटेदार का छह माह का खाद्यान्न वितरण रजिस्टर व राशन वितरण की ई-पाॅस मशीन जब्त कर लिया है, जबकि व्यापारी की दुकान पर सरकारी बोरे में मिला अनाज सीज कर दिया। व्यापारी दुकान का रजिस्ट्रेशन व लाइसेंस समेत कोई कागज न दिखा पाया। जिससे व्यापारी को पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया है।
एसडीएम सदर खलीलाबाद को किसी ने सूचना दी कि दानोकुइयां चौराहे पर रात में तीन से चार ट्रक अनाज लोड होता है। सूचना के आधार पर मंगलवार को एसडीएम सदर खलीलाबाद शैलेश कुमार दूबे ने दानोकुइयां गांव के कोटेदार व व्यापारी के दुकान पर छापा मारा। कोटेदार की दुकान पर नौ बोरी चावल व तीन बोरी गेहूं पाया गया। पिछले छह माह के राशन वितरण रजिस्टर व राशन वितरण के लिए ई-पाॅस मशीन जब्त कर ली गई।
वहीं दानोकुइयां में ही व्यापारी की दुकान में छापा मारने के दौरान सरकारी बोरे में दो सौ बोरी चावल और 60 बोरी गेहूं बरामद किया गया। व्यापारी द्वारा इसका कोई भी प्रपत्र नहीं उपलब्ध कराया गया। व्यापारी न तो दुकान रजिस्ट्रेशन व लाइसेंस दिखा पाया, जिस पर व्यापारी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। बरामद अनाज को सीज कर दिया गया है। इसकी जांच मंडी सचिव को सौंपी गई है। इस दौरान एसओ दुधारा जय प्रकाश दूबे पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।