संतकबीरनगर। शहर में आज से चार दिन रूट डायवर्जन रहेगा। नवरात्र पर जुटने वाली भीड़ को लेकर पुलिस ने तैयारी पूरी कर ली है। शनिवार की सुबह छह बजे से रात 11:00 बजे तक प्रमुख मार्गों पर बैरियर लगाकर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया जाएगा, जिससे दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो।
नवरात्र पर शहर के समय माता मंदिर पर श्रद्धालुओं की बड़े पैमाने पर भीड़ जुटती है। इसे लेकर शहर में चार दिन तक प्रशासन ने रूट डायवर्जन का निर्णय लिया है, जिससे मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को कोई समस्या न हो। शहर के मेंहदावल बाईपास और धनघटा रोड के विधियानी से बैरियर लगाकर बड़े वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया है।
साथ ही समय माता मंदिर और कोतवाली के बीच में भी शाम के समय वाहनों का प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। इसके अलावा बैंक चौराहा, बरदहिया दुर्गा मंदिर पर भी आकस्मिक डायवर्जन के लिए बैरियर लगा दिया गया है, जिससे मंदिर पर भीड़ बढ़ती देखकर तत्काल वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई जा सके।
यातायात प्रभारी परमहंस यादव ने बताया कि मंदिर पर आने वाले श्रद्धालुओं को देखते हुए मेंहदावल बाईपास, विधियानी एवं समय माता मंदिर स्थान पर ड्यूटी लगाई जा रही हैं। सभी स्थानों पर बैरियर लगा दिया गया है। सप्तमी, अष्टमी और नवमी तक मंदिर पर आने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए अन्य स्थानों पर डायवर्जन का किया जाएगा।
मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी भी तरह की कठिनाई का सामना न करना पड़े। दशहरा के समय भी यह रूट डायवर्जन लागू रहेगा।
-
इन मार्गों से होकर जाएंगे वाहन
-बस्ती की तरफ से आने वाले वाहन भुवरिया चौराहे से रिंग रोड से पायलपार होते हुए धनघटा की तरफ जाएंगे।
-इसी तरह से धनघटा से बस्ती की तरफ जाने वाले वाहन पायलपार रिंग रोड से भुवरिया चौराहा हाईवे पर जाएंगे।
-गोरखपुर से धनघटा जाने वाले वाहन मंझरिया कटका होते हुए धनघटा रोड जाएंगे।
-धनघटा से गोरखपुर जाने वाले वाहन कटका मंझरिया होते हुए हाईवे पर आएंगे।
-शहर में अगर भीड़ बढ़ती है तो सभी वाहनों के प्रवेश पर रोक होगी और यह वाहन मोती चौराहा, रेलवे स्टेशन, विधियानी मार्ग होते हुए भेजा जाएगा।
-विधियानी से आने वाले वाहन रेलवे स्टेशन, मोती चौराहा, सरैयाबाईपास होते हुए भेजे जाएंगे।