संवाद न्यूज एजेंसी
रोसयाबाजार। धनघटा थाना क्षेत्र के परसा खरबुजहिया गांव में छठ पूजा के दौरान घाट पर पटाखा फोड़ने को लेकर विवाद हो गया। कहासुनी के बाद एक पक्ष के लोगों ने एक किशोर पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
अचानक हुई चाकूबाजी से छठ घाट पर अफरातफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
क्षेत्र के परसा गांव में रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य के अर्घ्य देने के दौरान देवा पुत्र रामानंद (17) पटाखा फोड़ रहा था। उसी दौरान गांव का एक युवक जा रहा था और उसे बुरा लगा और पटाखा फोड़ रहे देवा को गालियां देने लगा। मामला बढ़ता देख मौजूद लोगों ने किसी तरह शांत करा दिया। सभी लोग छठ घाट से घर चले गए। पटाखा फोड़ रहा देवा भी घर पहुंच कर मोबाइल देखने लगा।
इसी बीच वह युवक चाकू लेकर देवा के घर पहुंच गया और उसके ऊपर हमला बोल दिया, जिससे देवा गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोग घायल को सीएचसी हैंसर भेजा। हालत गंभीर देख डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल से भी उसे मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया। समाचार लिखे जाने तक घायल का गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा था। इस संबंध में एसओ अजीत सिंह ने बताया कि घायल के परिजन की तरफ से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।ा