मगहर कबीर चौरा परसिर में लगे मेले में उमडी भीड़।
- फोटो : KHALILABAD
खिचड़ी मेला : कबीर समाधि व मजार के किए दर्शन
कड़ी ठंड के बावजूद मेले में रही रौनक, झूले का उठाया लुत्फ व लोगों ने की खरीदारी
खिलौने, खजले व चाट की दुकानों पर रही भीड़
संवाद न्यूज एजेंसी
मगहर। कबीर चौरा परिसर में लगे खिचड़ी मेले के तीसरे दिन शनिवार को ठंड के बावजूद लोगों की काफी भीड़ रही। लोगों ने कबीर की समाधि और मजार के दर्शन किए और मेले का खूब लुत्फ उठाया। इस दौरान महिलाओं ने घरेलू सामान की खरीदारी भी की।
उल्लेखनीय है कि गत वर्षों में खिचड़ी मेले के दौरान ही मगहर महोत्सव का भव्य आयोजन होता था। उस दौरान दुकानें अधिक संख्या में लगती थीं और आने वालों की तादात भी अधिक होती थी। इस बार महोत्सव का कार्यक्रम नहीं हो रहा है और सिर्फ खिचड़ी का मेला लगा है जिसकी वजह से पूर्व वर्षों की तुलना में यहां आने वाले लोगों की संख्या में कमी दर्ज हुई है। तीसरे दिन ठंड के बावजूद मेले में रौनक दिखी। यहां आने वाले लोगों ने पहले कबीर की समाधि व मजार के दर्शन कर आशीर्वाद ग्रहण कर परिसर में लगी विभिन्न दुकानों पर खजले, चाट, घरेलू सामान आदि की खरीदारी की। इसके साथ ही लोगों ने झूले, मनोरंजन के संसाधनों का भी भरपूर आनंद उठाया। खास कर झूला, जादू शो, अप्पू झूले में लोगों की दिलचस्पी अधिक देखी गई। छपरा बिहार से आए मुकेश यदुवंशी के द्वारा लगाए गए वाटर बोट, बहराइच से आए अख्तर द्वारा लगाए गए मिक्की माउस व इलाहाबाद से आए इकबाल अहमद उर्फ बाले द्वारा लगाए गए ड्रैगन ट्रेन को बच्चों द्वारा काफी पसंद किया गया। जबकि बड़ों के लिए बड़े झूले, तोरा टोरा के झूले, बड़ी नाव के झूले, सलेम्बो के झूले ने लोगों को आकर्षित किया।