फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोरोना के खिलाफ जंग का आगाज, 198 कोरोना योद्धाओं को लगा टीका

विज्ञापन
हैंसर सीएचसी में बने टीकाकरण सेंटर पर पहला टीका लगवाते अजय कुमार। - फोटो : KHALILABAD
विज्ञापन
कोरोना के खिलाफ जंग का आगाज, 198 कोरोना योद्धाओं को लगा टीका
विज्ञापन

डॉ. सिद्धार्थ, डॉ. एके चौधरी और फार्मासिस्ट अजय कुमार बने टीकाकरण के पहले साक्षी
जिला अस्पताल में 11:15 बजे तक टीकाकरण के लिए नहीं पहुंचा था कोई लाभार्थी
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। कोरोना टीकाकरण शनिवार को जिले के तीन केंद्रों पर शुरू हुआ। पहले दिन कुल 198 स्वास्थ्य कर्मियों का टीकाकरण किया गया। जिला अस्पताल में 11:15 बजे तक टीकाकरण के लिए कोई लाभार्थी नहीं पहुंचा था तो दूसरी सूची में शामिल डॉ. कुमार सिद्धार्थ को टीका लगाकर अभियान का शुभारंभ हुआ। इसी तरह से सीएचसी मलौली में फार्मासिस्ट अजय कुमार यादव और सीएचसी मेंहदावल में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एके चौधरी का टीकाकरण हुआ। सबसे कम टीकाकरण जिला अस्पताल में हुआ।
जिला अस्पताल के मैटर्निटी विंग को कोरोना टीकाकरण के लिए बूथ बनाया गया था। यहां पर सीएमओ डॉ. हरगोविंद सिंह निगरानी कर रहे थे। टीकाकरण के लिए सुबह साढे़ नौ बजे ही बूथ पर ड्यूटी में लगे स्वास्थ्य कर्मी पहुंच गए थे। 10:30 बजे प्रधानमंत्री का भाषण शुरू हुआ। इसको एलईडी टीवी पर दिखाया जा रहा था। उस दौरान टीकाकरण का कोई लाभार्थी नहीं पहुंचा था। हर केंद्र पर 100 स्वास्थ्य कर्मियों का टीकाकरण होना था। पीएम का भाषण समाप्त हुआ तो उसके बाद दूसरी सूची में 128वें नंबर पर शामिल जिला अस्पताल के फिजीशियन डॉ. कुमार सिद्धार्थ का आनन-फानन टीकाकरण कराया गया। उसके बाद फार्मासिस्ट नित्यानंद तिवारी का टीकाकरण हुआ। यह सिलसिला शाम पांच बजे तक चलता रहा। शाम पांच बजे तक 57 लोगों का ही टीकाकरण हो पाया। इसी तरह से सीएचसी मेंहदावल में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एके चौधरी को कोरोना का पहला टीका लगाया गया। मेंहदावल में कुल 76 लोगों का टीकाकरण हो पाया। इसी तरह से सीएचसी हैंसर में फार्मासिस्ट अजय कुमार यादव को पहला टीका लगाया गया। हैंसर में शाम पांच बजे तक कुल 65 लाभार्थियों को टीका लगाया गया। इस तरह से तीनों केंद्रों पर 300 के सापेक्ष 198 स्वास्थ्य कर्मियों का टीकाकरण हुआ। डीएम दिव्या मित्तल, एसपी डॉ. कौस्तुभ ने जिला अस्पताल के टीकाकरण केंद्र का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस दौरान सीएमओ डॉ. हरगोविंद सिंह, सीएमएस डॉ. ओपी चतुर्वेदी, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एस रहमान, जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. एके सिन्हा, सीएचसी अधीक्षक डॉ. वीपी पांडेय, यूपीसेफ के बेलाल अनवर, सुशील मौर्य, राजकुमार समेत अन्य मौजूद रहे।
विज्ञापन

28वें दिन लगेगा दूसरा डोज
जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. एके सिन्हा ने बताया कि पहले डोज के बाद दूसरा डोज 28वें दिन लगेगा। टीका लगने के बाद आधे घंटे तक टीकाकरण केंद्र पर रुकना होगा। प्रतिरक्षित व्यक्ति को यदि बेचैनी या किसी भी तरह की समस्या होती है तो निकटतम स्वास्थ्य अधिकारियों, एएनएम और आशा को इसकी सूचना दें। इसके लिए एंबुलेंस सेवा 108 भी उपलब्ध रहेगी। प्रतिरक्षित व्यक्ति भी कोरोना अनुरूप व्यवहारों जैसे मास्क पहनना, हाथ की सफाई और छह फीट की शारीरिक दूरी बनाए रखने का पालन करें।
बिना पंजीकरण किसी को नहीं लगेगी वैक्सीन
अपर सीएमओ डॉ. मोहन झा ने बताया कि कोई व्यक्ति बिना पंजीकरण के कोरोना वैक्सीन नहीं प्राप्त कर सकता है। कोरोना वैक्सीनेशन के लिए पंजीकरण के बाद ही सत्र स्थल और समय की जानकारी दी जाएगी। फोटो आईडी पंजीकरण और सत्यापन दोनों के लिए जरूरी है। ऑनलाइन पंजीकरण के बाद लाभार्थी को वैक्सीनेशन की नियत तिथि, स्थान और समय के बारे में मोबाइल पर एसएमएएस प्राप्त होगा। कोरोना वैक्सीन की उचित खुराक मिलने पर लाभार्थी को उनके मोबाइल नंबर पर एक क्यूआर कोड आधारित प्रमाणपत्र भी भेजा जाएगा।
टीकाकरण से अनुपस्थित कर्मियों की बनेगी सूची
शनिवार को शुरू हुए कोविड टीकाकरण अभियान के दिन कई ऐसे लोग भी रहे, जिनका नाम कोविन पोर्टल पर पंजीकृत था, लेकिन वे टीकाकरण के समय नहीं आए। अनुपस्थित लोगों की अब एक अलग सूची तैयार होगी। इन लोगों को टीकाकरण के लिए अलग से समय दिया जाएगा।
फोटो है
टीका लगवाने के बाद बोले कोरोना योद्धा
संतकबीरनगर। जिला अस्पताल के मैटर्निटी विंग में बने कोविड टीकाकरण केंद्र पर जिला अस्पताल में तैनात फिजीशियन डॉ. कुमार सिद्धार्थ को पहला टीका लगाया गया। टीकाकरण के बाद डॉ. कुमार सिद्धार्थ ने कहा कि पहला टीका फ्रंटलाइन वर्कर्स को लगेगा, लेकिन मैंने लोगों को विश्वास दिलाने के लिए खुद टीका लगवाया है। यह बताने के लिए कि कोविड-19 का टीका पूरी तरह से सुरक्षित है। हमें अपने चिकित्सा विज्ञानियों पर पूरा विश्वास है। मुझे कोई परेशानी नहीं हुई है। सभी लोग इस टीके को लगवाएं तथा देश को कोरोना से मुक्त करने में सहयोग दें। अफवाह न फैलाएं।
धनघटा कार्यालय के अनुसार सीएचसी हैंसर (मलौली) पर शनिवार को 11 बजकर 35 मिनट पर फार्मासिस्ट अजय कुमार को पहला इंजेक्शन लगाया गया। टीका लगवाने के बाद फार्मासिस्ट अजय कुमार यादव ने कहा कि टीका लगवाने के बाद न तो कोई परेशानी हो रही है और न ही जरा सा भी भय लग रहा है। सभी लोगों को टीका लगवाकर कोरोना वायरस को भारत से भगाने की जरूरत है। दूसरे नंबंर पर टीका लगवाने वाली डॉक्टर अंजू मिश्रा ने कहा कि टीका लगवाने से किसी को भी डरने की आवश्यकता नहीं है। टीका लगने से कोई परेशानी नहीं होने वाली है। इससे शरीर और अधिक सुरक्षित हो जाएगा। इसी तरह से स्वास्थ्य कर्मी हरीशचंद्र, विनोद, इंद्रेश चौरसिया, संपूर्णानंद राय, अवनीश आदि ने सभी वैक्सीन लगवाने की अपील की।
मेंहदावल कार्यालय के अनुसार सीएचसी मेंहदावल पर पहला टीका अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार चौधरी को लगाया गया। टीकाकरण के बाद उन्होंने बताया कि टीकाकरण को लेकर मन में काफी उत्साह था। टीकाकरण से कोरोना जैसी महामारी से बचने का संबल मिला हैं। किसी भी प्रकार की कोई दिक्कत या परेशानी नहीं हैं पूरी तरह से स्वस्थ हूं। टीका पूरी तरह से सुरक्षित है। दूसरे नंबर पर टीका लगवाए डीटीओ ध्रुव सिंह ने कहा कि टीकाकरण के बाद वह पूरी तरह स्वस्थ हैं।
लिा अस्पताल की झलकियां
सवा 11 बजे तक नहीं पहुंचा था कोई लाभार्थी
जिला अस्पताल के टीकाकरण केंद्र पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का टीवी पर भाषण चल रहा था। उस दौरान कोई भी लाभार्थी टीकाकरण के लिए नहीं पहुंचा था। सभी कुर्सियां खाली थीं। बाद में 11 बजे सीएमओ डॉ. हरगोविंद सिंह कुर्सियों को भरने के लिए खुद बैठ गए और मातहत चिकित्सकों को भी बिठा दिया। सवा 11 बजे तक लाभार्थी के न पहुंचने के सवाल पर उन्होंने कुछ भी बोलने से इन्कार कर दिया।
चार घंटे तक कारगर रहता है वॉयल
कोरोना टीकाकरण के लिए वॉयल का ढक्कन खुलने के बाद वह चार घंटे तक कारगर रहता है। एक वॉयल में 10 लोगों का टीकाकरण किया जाता है। यूनीसेफ के कोऑर्डिनेटर बेलाल अनवर ने बताया कि एक वॉयल में 10 लोगों का टीकाकरण होता है। यह वॉयल खुलने के बाद चार घंटे तक ही कारगर रहता है। इसलिए जब 10 लोग इकट्ठा हो जाते हैं तभी वॉयल को खोला जाता है और टीकाकरण किया जाता है। टीकाकरण के बाद वॉयल को 48 घंटे तक सुरक्षित रखा जाता है, ताकि अगर किसी मरीज को दिक्कत आती है तो वॉयल की जांच की जा सके।
लाभार्थियों की नहीं हुई थर्मल स्क्रीनिंग
जिला अस्पताल में बने टीकाकरण केंद्र पर लाभार्थियों के टीकाकरण कराने से पहले उनका तापमान जांचने की कोई व्यवस्था नहीं की गई थी। लाभार्थी सीधे नाम बताकर टीकाकरण करवाने चले जाते थे। जबकि ड्राई रन के दौरान टीकाकरण से पहले लाभार्थियों की थर्मल स्क्रीनिंग कराने का प्रशिक्षण दिया गया था।
विज्ञापन

सीएमओ ने मीडिया पर लगाई रोक
जिला अस्पताल के एमसीएचस विंग में बने टीकाकरण केंद्र के अंदर जाने से मीडिया कर्मियों को रोक थी। गेट पर तैनात कर्मियों ने बताया कि सीएमओ ने रोक लगाई है। मौके पर मौजूद सीएमओ भी मीडिया कर्मियों को अंदर जाने से मना कर रहे थे। कुछ मीडिया कर्मी अंदर गए तो सीएमओ ने पुलिस बुलाने की बात कही। मौके पर पहुंचे एसडीएम राजनारायण त्रिपाठी और सीओ जीडी मिश्र ने किसी तरह से मामले को संभाला।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें