- बस्ती-अयोध्या रूट पर भीड़ के मद्देनजर तैयार की गई व्यवस्था
- मेंहदावल बाईपास से भी डायवर्ट किए जाएंगे वाहन
- कांवड़ यात्रा और अयोध्या में झूला मेले को लेकर प्रशासन ने तैयार किया चार्ट
संतकबीरनगर। कांवड़ यात्रा और अयोध्या के श्रावण झूला मेले में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने गोरखपुर-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग (फोरलेन) पर भारी वाहनों के संचालन के लिए विशेष रूट डायवर्जन लागू करने का निर्णय लिया है। यह व्यवस्था सात अगस्त की शाम से शुरू होकर 11 अगस्त की मध्यरात्रि तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान ट्रक, डीसीएम, ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत अन्य भारी वाहनों का फोरलेन पर प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
प्रशासन का उद्देश्य बाबा तामेश्वरनाथ धाम और बस्ती स्थित बाबा भदेश्वरनाथ धाम में जलाभिषेक के लिए पहुंचने वाले लाखों कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना है। भीड़ को नियंत्रित करने और जाम की स्थिति से बचने के लिए जिले के प्रमुख चौराहों पर बैरिकेडिंग की जाएगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि श्रद्धालुओं की संख्या और यातायात के दबाव को देखते हुए आवश्यकता पड़ने पर डायवर्जन व्यवस्था में आंशिक परिवर्तन किया जा सकता है। ऐसे में वाहन चालकों से अपील की गई है कि यात्रा से पहले निर्धारित रूट की जानकारी लेकर ही निकलें।
कांवड़ यात्रा और झूला मेले के दौरान फोरलेन पर श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार बढ़ोतरी की संभावना को देखते हुए पुलिस, यातायात विभाग और प्रशासन संयुक्त रूप से निगरानी करेगी ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या जाम की स्थिति उत्पन्न न होने पाए।
-
इन-इन तिथियों में परिवर्तित मार्ग से जाएंगे वाहन
प्रशासन के अनुसार, पहला डायवर्जन 7 अगस्त से 11 अगस्त तक भदेश्वरनाथ बस्ती व तामेश्वरनाथ मंदिर में जलाभिषेक के अवसर पर प्रभावी रहेगा। इसके बाद सावन के दूसरे सोमवार (10 अगस्त) और सावन की शिवरात्रि (11 अगस्त) के अवसर पर 8 अगस्त सुबह 8 बजे से 12 अगस्त सुबह 8 बजे तक अथवा भीड़ समाप्त होने तक डायवर्जन लागू रहेगा।
वहीं, मणि पर्वत मेला (15 अगस्त), सोमवार के तीसरे सोमवार (17 अगस्त) और नागपंचमी के अवसर पर 14 अगस्त सुबह 8 बजे से 17 अगस्त रात 11 बजे तक या भीड़ समाप्त होने तक भारी वाहनों का डायवर्जन रहेगा।
सावन के चौथे एवं अंतिम सोमवार (24 अगस्त) के मद्देनजर 23 अगस्त सुबह 8 बजे से 24 अगस्त रात 11 बजे तक यातायात व्यवस्था में बदलाव रहेगा।
इसके अलावा श्रावण पूर्णिमा स्नान (28 अगस्त) को लेकर 27 अगस्त सुबह 8 बजे से 28 अगस्त रात 11 बजे तक अथवा भीड़ समाप्त होने तक डायवर्जन लागू रहेगा।
-
इन मार्गों से होकर जाएंगे वाहन
- यातायात व्यवस्था के तहत पुलिस चौकी मगहर, डीघा, मेंहदावल बाईपास चौराहा और बस्ती सीमा पर स्थित टेमा रहमत चौराहे पर विशेष बैरियर लगाए जाएंगे। इन स्थानों पर पुलिस और यातायात कर्मियों की तैनाती रहेगी जो भारी वाहनों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों की ओर भेजेंगे।
- गोरखपुर से लखनऊ की ओर जाने वाले भारी वाहनों को दुर्गा मंदिर मगहर से डायवर्ट कर बखिरा-बांसी-बलरामपुर मार्ग अथवा मंझरिया होकर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के रास्ते भेजा जाएगा।
- टेमा रहमत और मेंहदावल बाईपास की ओर से आने वाले भारी वाहनों को दुधारा-बांसी-बढ़नी-बलरामपुर-बहराइच मार्ग से होकर गुजरना होगा। धनघटा क्षेत्र से लखनऊ जाने वाले वाहनों के लिए अंबेडकरनगर होकर वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया गया है।
-कोट
वाहन चालक निर्धारित डायवर्जन का पालन करें। यात्रा पर निकलने से पहले वैकल्पिक मार्गों की जानकारी जरूर लें जिससे जाम की स्थिति से बचा जा सके और श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुगम आवागमन सुनिश्चित हो। - अमित कुमार, सीओ यातायात