संतकबीरनगर। जनपद में डग्गामार वाहनों के खिलाफ कार्रवाई के लिए अभियान चलाने जा रहा है। इसके लिए एआरटीओ और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई है। जो जिले के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में सवारी भरने के लिए चल रहे डग्गामार वाहनों के खिलाफ जांच कर कार्रवाई करने का काम करेंगी।
डग्गेमार वाहनों की भरमार हो गई है। खलीलाबाद शहर के मेंहदावल बाईपास से लेकर ग्रामीण क्षेत्र के तमाम स्थानों से वाहन संचालित हो रहे हैं। वाहनों के संचालक मनमाने ढंग से अपने वाहन चलवा रहे हैं। यही नहीं प्राइवेट नंबर का रजिस्ट्रेशन परिवहन विभाग से जारी कराकर गाड़ियों का कामर्शियल उपभोग करके राजस्व को भी चूना लगा रहे हैं। इससे परिवहन निगम व संभागीय परिवहन विभाग को भी काफी नुकसान हो रहा है।
जिले में डग्गामार वाहनों पर लगाम लगाने के लिए उच्चाधिकारियों की तरफ से अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए एआरटीओ और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम बनाकर कार्रवाई करने के लिए निर्देश दिया गया है। जल्द ही दोनों विभाग एक साथ सड़कों पर निकलकर डग्गामार वाहनों की जांच के लिए अभियान चलाने की तैयारी में हैं। एआरटीओ प्रियंवदा सिंह ने बताया कि डग्गामार वाहनों पर कार्रवाई के लिए यातायात पुलिस के साथ मिलकर काम किया जाएगा।
इसके लिए जांच अभियान चलाया जाएगा। जो भी वाहन जांच के दौरान नियम विरुद्ध तरीके से सवारी भरते हुए सड़क पर मिलेंगे। उनके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।