बाघनगर। कांग्रेस के स्टार प्रचारक और शायर इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है। सुप्रीम कोर्ट को भी प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सख्त टिप्पणी करनी पड़ रही है। रामराज्य का नारा देने वाली भाजपा सरकार चुप है। दिनदहाड़े हत्याएं हो रही हैं। बेटियां महफूज नहीं हैं।
सेमरियावां ब्लॉक के पैड़ी गांव में एक कार्यक्रम में शामिल होने आए इमरान प्रतापगढ़ी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि दो राज्यों के चुनाव और यूपी के उपचुनाव में कांग्रेस ने बेहतर प्रदर्शन किया है। भाजपा की केंद्र व प्रदेश सरकार से जनता का मोहभंग हो गया है। महाराष्ट्र में भाजपा सीएम बनाने में नाकाम है, जबकि हरियाणा में दुष्यंत चौटाला के साथ सौदेबाजी करके सरकार बनाई गई है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने बताया कि कांग्रेस को मजबूत किया जा रहा है। पार्टी विपक्ष की भूमिका बखूबी निभा रही है।