जमीन के विवाद में दो सगे भाई भिड़े
धनघटा(संतकबीरनगर)। महुली क्षेत्र के बंधुपुर में शनिवार को जमीन के विवाद में दो सगे भाइयों में मारपीट हो गई। चार लोग घायल हो गए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने दंपती समेत चार लोगों पर केस दर्ज किया है।
एक पक्ष की कुसुम देवी पत्नी रुदल का आरोप है कि जेठ कमलेश जमीन के विवाद को लेकर अपशब्द दे रहे थे। एतराज करने पर उसे तथा पति को दौड़ा-दौड़ा कर मारापीटा। पिटाई से दंपती घायल हो गए। पुलिस ने इनकी तहरीर पर कमलेश, रीता पर मारपीट का केस दर्ज किया। जबकि दूसरे पक्ष की रीता देवी पत्नी कमलेश ने भी मारने-पीटने का आरोप लगाया है। पुलिस ने उनकी तहरीर पर रुदल, कुसुम पर केस दर्ज किया। एसओ रविंद्र कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर चार लोगों पर केस दर्ज कर जांच की जा रही है। संवाद