संतकबीरनगर। धनतेरस पर्व के दूसरे दिन शनिवार को भी शहर सहित ग्रामीण क्षेत्र के बाजारों में जमकर खरीदारी हुई। सुबह से ही दुकानों पर भीड़ लगी रही है। इस दौरान लोगों ने बर्तन, मोबाइल फोन, इलेक्ट्रानिक सामान, मिट्टी के दिए आदि की खरीदारी की। अनुमान के मुताबिक जिले में दो दिनों में करीब 170 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ है।
दिपावली से एक दिन पूर्व बाजार में रौनक देखी गई। लोग घरों को सजाने के लिए इलेक्ट्रानिक झालर, दिए आदि खरीदते नजर आए। इसके साथ ही मिट्टी के दिए की भी खूब डिमांड रही। इसके साथ ही बर्तन, रेडीमेड कपड़े आदि के दुकानों पर भी भीड़ दिखी। जिन लोगों ने पहले से ही बाइक की बुकिंग करा ली थी, वह लोग भी बाइक खरीद कर घर ले गए। इसके साथ ही जूनियर हाईस्कूल खलीलाबाद के परिसर में लगी पटाखा की दुकानों पर भी लोगों ने फुलझरी, सुतली बम, राकेट, चरखी आदि की खरीदारी की। मिठाई की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ लगी रही। इसके कारण शहर में कई बार जाम की स्थिति उत्पन्न हुई। यातायात व्यवस्था बनाए रखने में यातायात पुलिस कर्मियों को जूझना पड़ रहा है।
बर्तन विक्रेता राकेश कुमार ने बताया कि शनिवार को भी बर्तन खरीदने के लिए लोग आते रहे। अनुमान के मुताबिक, जिले में दूसरे दिन 15 करोड़ रुपये के बर्तन का कारोबार हुआ है। इसके साथ ही आभूषण की दुकानों पर सोने-चांदी की बिक्री खूब हुई। व्यापारी प्रिंस वर्मा ने बताया कि जिले में करीब 30 करोड़ रुपये के आभूषण की बिक्री होने का अनुमान है।
00
पटाखे की खरीदारी के लिए उमड़ी भीड़
खलीलाबाद के जूनियर हाईस्कूल परिसर में लगाए गए पटाखे की दुकानों पर लोगों की भीड़ लगी रही है। सुबह से लेकर देर शाम तक लोग खरीदारी करते नजर आए। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों के बाजारों में पटाखे की खूब बिक्री हुई। दीपावली पर्व पर आतिशबाजी जमकर होती है। ऐसे में पटाखे की दुकानें सजी हुई हैं। बाजार में रंग-बिरंगी फुलझरी और कई तरह के पटाखे लोग खरीद रहे हैं। यहां पर प्रशासन ने अग्नि सुरक्षा के लिए भी कदम उठाए हैं। यहां पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी लगाई गई है। दुकानदारों से बालू और पानी रखने को कहा गया है। दुकानदार दिनेश कुमार, विनोद कुमार आदि ने बताया कि पटाखा खरीदने के लिए लोग आ रहे हैं। इससे कारोबार अच्छा होने की उम्मीद है।