धर्मसिंहवा। राष्ट्रीय इंटर कॉलेज बौरव्यास में निर्धारित शुल्क से अधिक राशि लेकर प्रवेश देने और मिड-डे मील में अनियमितता के आरोपों को प्रथमदृष्टया सही माना। जिला विद्यालय निरीक्षक ने प्रबंधक को समिति गठित कर विस्तृत जांच कराने का निर्देश दिया है। साथ ही जांच रिपोर्ट और आख्या जल्द मांगा है। वहीं डीआईओएस ने अपनी जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी को भी भेज दी है। बौरव्यास निवासी राममिलन ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया था कि विद्यालय में शासन की ओर से निर्धारित शुल्क से अधिक राशि लेकर विद्यार्थियों का प्रवेश किया जा रहा है। साथ ही मध्याह्न भोजन योजना के संचालन में भी अनियमितताएं बरती जा रही हैं।
शिकायत मिलने के बाद डीआईओएस ने दोनों पक्षों को नोटिस जारी कर 21 जुलाई को कार्यालय में शपथपत्र के साथ अपना-अपना पक्ष प्रस्तुत करने के लिए बुलाया था। दोनों पक्ष निर्धारित तिथि पर उपस्थित हुए और अपना पक्ष रखा। डीआईओएस की ओर से जिलाधिकारी को भेजी गई रिपोर्ट में उल्लेख किया गया है कि प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य की ओर से प्रस्तुत अभिकथनों के समर्थन में कोई साक्ष्य संलग्न नहीं किया गया। दोनों पक्षों के अभिकथनों के परीक्षण के बाद प्रथमदृष्टया शिकायत की पुष्टि हुई है।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि मामला वित्तीय अनियमितताओं से जुड़ा होने के कारण इसकी विस्तृत जांच में समय लगना स्वाभाविक है। ऐसे में शिकायतकर्ता के प्रार्थना पत्र एवं शपथ पत्र की प्रतियां संलग्न करते हुए प्रबंधक को निर्देशित किया गया है कि वह अपने स्तर पर जांच समिति गठित कर निष्पक्ष जांच कराएं। संस्तुति सहित रिपोर्ट तत्काल डीआईओएस कार्यालय को उपलब्ध कराएं, ताकि प्रकरण में आवश्यक कार्रवाई की जा सके।