मगहर। संत कबीर की निर्वाण स्थली परिसर में स्थित संत कबीर राजकीय उद्यान विभाग की बाउंड्रीवाल में लगी लोहे की ग्रिल को सोमवार की रात में काटकर चोर उठा ले गए। मंगलवार को चौकीदार की सूचना पर पहुंची मगहर पुलिस ने परिसर से कुछ दूर पर रखी तीन ग्रिल बरामद की।
सद्गुरु कबीर की निर्वाण स्थली कबीर चौरा परिसर को फूलपत्ती से हरा भरा सुंदर दिखने के लिए उद्यान विभाग को स्थापित किया गया है। संत कबीर राजकीय उद्यान के स्थापित होने के बाद पहली बार चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया है। संत कबीर राजकीय उद्यान की अलंकृत नर्सरी के सामने बाउंड्रीवाल बनाई गई है। इस पर लगभग एक फीट ऊंची लोहे की ग्रिल लगाई गई है।
बताया जाता है कि चारदीवारी पर लगभग 20 ग्रिल को चोर धीरे-धीरे काटकर चोरी कर ले गए हैं। सोमवार की रात पुनः चोर ग्रिल चोरी करके ले जा रहे थे, तभी चौकीदार उन्हें देख लिया और कुछ ही दूरी पर वे ग्रिल छोड़ कर भाग गए। चौकीदार ने पहले इसकी सूचना उद्यान निरीक्षक को दी। उसके बाद पुलिस को भी सूचित किया। उद्यान निरीक्षक राजेश राय ने बताया कि चौकीदार फुरतली ने बाउंड्रीवाल पर लगी लोहे की ग्रिल की चोरी होने की बात बताई है। घटना के संबंध में मगहर पुलिस को तहरीर दे दी गई है।
मगहर चौकी के सब इंस्पेक्टर विजय कुमार सिंह ने बताया कि उन्हें ग्रिल चोरी के संबंध में सूचना मिली। उसके बाद घटना स्थल पर पहुंचने के बाद बाउंड्रीवाल से कुछ दूरी पर पड़ी तीन लोहे की ग्रिल बरामद की गई है।