संतकबीरनगर। श्रीवंश हाॅस्पिटल में ऑपरेशन के दौरान प्रसूता की मौत के मामले में पांच दिन बाद भी इलाज करने वाले डॉक्टर का पता नहीं चल सका है। गायब डीवीआर पर जांच अटकी हुई है। पुलिस गायब डीवीआर के बारे में पता लगा रही है।
अभी तक परिजनों से स्वास्थ्य विभाग और न ही पुलिस ने कोई साक्ष्य मांगा है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि जांच शुरू कर दी गई है। हर पहलू को जांच में शामिल किया गया है। गायब डीवीआर के बारे में पता लगाया जा रहा है। जांच में शामिल सभी लोगों से पूछताछ की कार्रवाई चल रही है।
बता दें कि शहर के नेदुला स्थित श्रीवंश हाॅस्पिटल में 25 नवंबर को प्रसव के बाद गोरखपुर के हरपुर बुदहट क्षेत्र के झुड़िया बाबू निवासी पिंकी पत्नी हरिओम की मौत हो गई थी। परिजनों ने अस्पताल पर लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा किया था। सड़क पर जाम लगा दिया था। प्रशासनिक और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में अस्पताल को सील कर दिया था और अस्पताल से संबंधित सभी रिकाॅर्ड तलब किया गया था। अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
सीएमओ की जांच में अस्पताल पंजीकृत नहीं मिला था। अस्पताल वालों ने सीसीटीवी का डीवीआर भी गायब कर दिया है। सीएमओ ने टीम गठित कर अस्पताल का रिकाॅर्ड मांगा है। दो दिन बीतने के बाद भी अस्पताल प्रशासन ने रिकाॅर्ड मुहैया नहीं कराया है।
पीड़ित हरिओम ने बताया कि 25 नवंबर को पत्नी की मौत हुई थी। उसके बाद से अब तक किसी अधिकारी ने संपर्क नहीं किया है। वहीं, 14 अगस्त को बखिरा थाना क्षेत्र के परसोहिया निवासी सतेंद्र की पत्नी की भी इसी अस्पताल में प्रसव के बाद मौत हो गई थी। सतेंद्र का कहना है कि 26 को सीएमओ समेत अन्य को पत्र दिया था, लेकिन अब तक कोई जानकारी उनसे नहीं ली गई है।
0
अस्पताल प्रबंधक को रिकाॅर्ड देने के लिए तीन दिन का समय दिया था। दो दिन बीत चुके हैं। अगर तीन दिन के अंदर रिकाॅर्ड उपलब्ध नहीं कराया जाता है तो आगे की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी। -डॉ. रामानुज कन्नौजिया, सीएमओ
0
पुलिस की जांच चल रही है। हर पहलु पर जांच की जा रही है। डीवीआर को जांच में शामिल किया गया है। डीवीआर को कौन ले गया है? इसका पता लगाया जा रहा है। इसमें पीड़ितों से साक्ष्य लिए जा रहे हैं। जल्द ही जांच पूरी कर ली जाएगी। -सुशील कुमार सिंह, एएसपी