- शिक्षण में विज्ञान और गणित को बढ़ावा देने की कवायद
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में विज्ञान और गणित शिक्षण को बढ़ावा देने के लिए किट की मदद से पढ़ाई की जाएगी। विद्यालयों को किट के साथ यूजन मैनुअल पुस्तिका दी जाएगी। शिक्षकों को किट में रखे उपकरणों के प्रयोग व शिक्षण कार्य विधि की जानकारी होगी। इसको लेकर तैयारी शुरू हो गई है।
जिल के राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में करीब 20 हजार विद्यार्थी पंजीकृत है। गणित व विज्ञान विषय से शिक्षण प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों को माइक्रोस्केल किट की मदद से शिक्षित करते हुए निपुण बनाया जाएगा। प्रत्येक किट के साथ पुस्तिका उपलब्ध कराई जाएगी। इसकी सहायता से संबंधित विषय के शिक्षक शिक्षिकाएं किट में रखे उपकरणों का प्रयोग करने के विषय में जान सकेंगे। माध्यमिक विद्यालयों में एनसीईआरटी से तैयार पाठ्यक्रम लागू है। विज्ञान वर्ग के मुख्य विषयों गणित, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान को आसान बनाने के लिए गणित और विज्ञान की किट तैयार कराई गई है। जल्द ही कॉलेजो मं किट की आपूर्ति करते हुए शिक्षण कार्य को प्रभावी बनाया जाएगा। प्रभारी डीआईओएस ओम प्रकाश मिश्र ने बताया कि राजकीय कॉलेजों को किट दी जाएगी। प्रत्येक किट के साथ उसकी यूजर मैनुअल पुस्तिका भी दी जाएगी।
वर्तमान पाठ्यक्रम में गणित और विज्ञान वर्ग के छात्र छात्राओं द्वारा नित नए वैज्ञानिक नवाचार को बढ़ावा देने में यह पोर्टेबल किट काफी मददगार होगा। विज्ञान गणित किट से प्रायोगिक कार्य करने में सुविधा मिलेगी। इस किट में विज्ञान समझाने के सभी उपकरण शामिल है। इससे छात्र-छात्राओं को काफी लाभ मिलेगा।
- नीतू यादव, विज्ञान प्रवक्ता, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज खलीलाबाद