सेमरियावां। दीपावली, धनतेरस छठ पूजा, गोवर्धन पूजा, भैया दूज आदि त्योहारों पर गांव की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त बनाने के लिए सेमरियावां ब्लाॅक के एडीओ पंचायत सख्त कदम उठाए हैं।
उन्होंने मंदिरों के आसपास, छठ पूजा स्थलों, बाजारों, सड़कों, गांव की गलियों और शौचालयों को साफ रखने के लिए सफाई कर्मियों को पत्र जारी किया है।
सेमरियावां ब्लाॅक में 113 ग्राम पंचायतों में 18 राजस्व गांव हैं। इन गांवों में 196 सफाई कर्मियों की तैनाती दी गई है। एडीओ पंचायत राधेश्याम चौधरी ने कहा कि दीपावली पर जिन बाजारों, मंदिरों व अन्य धार्मिक स्थलों पर साज सज्जा होती है, उन क्षेत्रों तथा प्रमुख स्थानों की सफाई व्येवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया है। नालों की सफाई पर जोर देते हुए कहा कि नालों में पॉलिथीन दिखाई न दे। सड़कों के किनारे खड़ी झाड़ियों को साफ कराने के भी निर्देश दिए। सार्वजनिक शौचालयों, सामुदायिक शौचालयों की सफाई व्यवस्था ठीक करें।
ग्राम सचिव से मच्छरों के प्रकोप से निपटने के लिए योजना बनाकर फॉगिंग अभियान चलाने को कहा। साथ ही नालियों में एंटी लार्वा, ब्लीचिंग पाउडर छिड़काव का निर्देश दिया गया है।
कहा कि गांव का औचक निरीक्षण किया जाएगा, सफाई व्यवस्था ठीक न पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।