संतकबीरनगर। कमिश्नर के निर्देश पर बस्ती मंडल के संयुक्त कृषि निदेशक राम बचन कनौजिया ने खलीलाबाद ब्लॉक के फार्मर रजिस्ट्री कार्य की समीक्षा की। जिसमे ग्राम सेमरा में पंचायत भवन पर आयोजित फार्मर रजिस्ट्री कार्यक्रम में ग्राम प्रधान रुदल प्रसाद एवं लेखपाल सावित्री देवी किसानों के साथ फार्मर रजिस्ट्री कार्य कराते पाए गए। यहां पर पाया गया कि ग्राम सेमरा के 45 किसानों के नाम ग्राम दिक्तौली में दर्ज हो गया है। जिससे ग्राम सेमरा के किसानों के फार्मर रजिस्ट्री नहीं हो पा रही है। इस प्रकरण पर संयुक्त कृषि निदेशक द्वारा उपस्थित कृषि विभाग के एटीएम महेश चौबे एवं लेखपाल सावित्री देवी एवं तहसील कर्मियों को निर्देशित किया गया कि लंबित कृषकों की फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण कराए एवं इसी प्रकार पूरे जनपद में एक अभियान के तहत इस प्रकार के मिसमैच को दूर करते हुए फार्मर रजिस्ट्री कार्य को प्रमुखता के आधार पर पूर्ण कराया जाए। शासन के निर्देश के क्रम में यह कार्य 15 मार्च तक पूर्ण हो जाने हैं।
संयुक्त कृषि निदेशक ने निर्देश दिया कि नाम मिसमैच में सुधार करते हुए समस्त ग्राम के किसानों को फार्मर रजिस्ट्री के लिए तैयार करते हुए उनकी फार्मर रजिस्ट्री करवाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने खलीलाबाद के ग्राम बयारा में कृषि विभाग की ओर से अनुदान पर दिए गए सोलर पंप का निरीक्षण किया गया। सोलर पंप संचालित अवस्था में पाया गया एवं लाभार्थी किसान ने बताया कि इससे सिंचाई के रूप में प्राप्त जल से उनके डीजल के व्यय समाप्त होने से काफी पैसे की बचत हो रही है। संयुक्त कृषि निदेशक द्वारा ग्राम फुलवरिया में आत्मा योजना के अंतर्गत संचालित फॉर्म स्कूल रबी (गेहूं) का निरीक्षण किया गजा। सेमारियावा ब्लॉक के ग्राम गर्थवलिया में नेशनल मिशन ऑन एडिबल ऑयल योजना अंतर्गत 20 हेक्टेयर क्षेत्र में आयोजित सरसों के खंड प्रदर्शन का निरीक्षण किया गया। फसल की स्थिति अच्छी थी एवं उसमे कीट रोग का कोई प्रकोप नहीं था। कृषि विभाग की ओर से संचालित योजनाओं के प्रदर्शनों के आयोजन के माध्यम से किसान अपने उपज को बढाने के लिए उन्नत तकनीकों का प्रयोग कर रहे हैं और इसमें उन्हें सफलता भी प्राप्त हो रही है। इस दौरान उप कृषि निदेशक डॉ राकेश कुमार सिंह समेत अन्य लोग माैजूद रहे।