- 50 लाख से ऊपर की परियोजनाओं की डीएम ने की समीक्षा
संतकबीरनगर। डीएम महेंद्र सिंह तवंर की अध्यक्षता में मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में 50 लाख के ऊपर लागत की निर्माणाधीन एवं पूर्ण परियोजनाओं की अद्यतन स्थिति, प्रगति एवं पूर्ण परियोजनाओं के हस्तगन की स्थिति की समीक्षा की गई। इसमें डीएम ने निर्देश दिए कि संस्थाएं निर्माण कार्य में गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें।
डीएम ने कहा कि गुणवत्ता में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए, इसे कार्यदायी संस्थाएं पूरी गंभीरता से लें। उन्होंने अधिकारियों व कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जिन परियोजनाओं के निर्माण कार्य के लिए धनराशि प्राप्त हो गई है, उन परियोजनाओं का कार्य निश्चित समयावधि के अंतर्गत पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। कहा कि निर्माण में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता जांच के बाद ही निर्माण कार्य में प्रयुक्त किए जाए। कहा कि जिन कार्यों को पूर्ण कराने में बजट की आवश्यकता हो उसके लिए शीघ्र प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजें, जिससे कि कार्य में बाधा न उत्पन्न हो व निर्माण कार्य समय से पूर्ण कराया जा सके।
डीएम ने लोक निर्माण विभाग द्वारा नई सड़कों का निर्माण एवं सड़कों के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य सहित समस्त निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित कार्यदायी संस्था एवं विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
बैठक में सीडीओ जयकेश त्रिपाठी, डीडीओ सुरेश चंद्र केशरवानी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी अजय कुमार श्रीवास्तव, उपायुक्त उद्योग राजकुमार शर्मा, डीआईओएस हरिशचन्द्र नाथ, अधिशासी अभियंता विद्युत राजेश कुमार आदि उपस्थित रहे।